भगवान रामलला के लिए भक्तों का उमड़ा प्रेम, 10 दिन में ही 12 करोड़ का मिला दान

भगवान रामलला के लिए भक्तों का उमड़ा प्रेम, 10 दिन में ही 12 करोड़ का मिला दान

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में भक्तों का तांता उमड़ रहा है। भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए तड़के से रात तक अयोध्या की सड़कों पर राम भक्तों की भीड़ दिख रही है। भगवान राम के ये भक्त उनके राग-भोग के लिए दिल खोलकर दान भी दे रहे हैं। भक्त जहां दानपेटी में भगवान रामलला के लिए दान देते हैं। वहीं, ऑनलाइन भी खूब दान आ रहा है। राम मंदिर को आम भक्तों के लिए 23 जनवरी से खोला गया है। 22 जनवरी को जब राम मंदिर का उद्घाटन हुआ था और भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। उसी दिन 8000 विशिष्ट अतिथि यहां पहुंचे थे। राम मंदिर आए इन विशिष्ट अतिथियों ने 3.17 करोड़ का दान राम मंदिर को दिया था।

ताजा जानकारी के मुताबिक आम भक्तों के लिए राम मंदिर को खोले जाने के 10 दिन में ही भगवान रामलला के लिए भक्तों का प्रेम इतना उमड़ा कि उन्होंने 12 करोड़ रुपए का दान मंदिर में दिया है। 10 दिन में लाखों भक्त राम मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन करने पहुंचे हैं। मंदिर खुलने के पहले दिन यानी 23 जनवरी को ही 5 लाख भक्तों ने भगवान राम के बाल स्वरूप के दर्शन किए थे। तबसे लेकर शुक्रवार तक भक्तों की बड़ी संख्या रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंच रही है। रामलला के अलावा ये भक्त हनुमानगढ़ी और अन्य मंदिरों के भी दर्शन कर रहे हैं और वहां भी दिल खोलकर चढ़ावा दे रहे हैं। इससे बाकी मंदिरों को भी काफी दान मिल रहा है।

राम मंदिर में सुबह 7 बजे से भक्तों को रामलला के दर्शन होते हैं। उनकी दिव्य और भव्य प्रतिमा को कर्नाटक के मूर्तिकार अरुण योगीराज ने तैयार किया है। रामलला का ये विग्रह 5 साल के बालक के रूप में राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया है। जानकारी के मुताबिक राम मंदिर में साल में 12 पर्व और त्योहार मनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत वसंत पंचमी से होगी। वसंत पंचमी के दिन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर में माता सरस्वती की पूजा कराने जा रहा है। इसके बाद अन्य पर्व भी यहां धूमधाम से मनाए जाएंगे।

Previous articleमणिशंकर अय्यर ने केंद्र पर उठाए सवाल, कहा- ‘मोदी सरकार में हिम्मत नहीं की वो पाकिस्तान से बात कर लें’
Next articleपेरिस के एफिल टावर में कैश की जगह डिजिटल तरीके से खरीद सकेंगे टिकट