पिछले 15 सालों में 2,745 प्रतिशत बढ़ी कांग्रेस अध्यक्ष की संपत्ति, भाजपा ने उठाये सवाल

राहुल गांधी

वायनाड। पिछले पांच सालों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की संपत्ति में 68.93 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और अब उनके पास 15.88 करोड़ रुपए से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति हो गई है। खुद कांग्रेस अध्यक्ष ने यह जानकारी वायनाड लोकसभा सीट पर नामांकन पत्र भरने के दौरान सौंपे गए हलफनामे में दी है। राहुल के पास 5।8 करोड़ रुपए की चल और 9.2 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। सन 2014 के चुनाव में उन्होंने अपनी 9.40 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति की घोषणा की थी। वैसे 2004 के लोकसभा चुनाव के लिए नामकांकन के दौरान की गई घोषणा के मुताबिक राहुल गांधी की संपत्ति पिछले 15 सालों में 2,745 प्रतिशत बढ़ी है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सन 2004 में नामांकन के दौरान दिए गए हलफनामे में बताया था कि उनके पास महज 55 लाख 83 हजार 123 रुपए मूल्य की कुल संपत्ति है। फिर 2009 के अगले लोकसभा चुनाव में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई है, जो 2014 के लोकसभा चुनाव के समय 9 करोड़ 40 लाख रुपए हो गई। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने हाल ही में इस पर सवाल भी उठाया था।

संबित पात्रा ने कहा राहुल गांधी की सम्पत्ति 2004 के 55 लाख रुपए से अभूतपूर्व रूप से बढ़कर 2014 में 9 करोड़ रुपए होने का मॉडल क्या है? इसके बारे में बताएं। पात्रा ने पूछा अखिर कैसे एक सांसद की संपत्ति आय के किसी प्रत्यक्ष स्रोत के बिना इतने वर्षों में इतनी ज्यादा बढ़ सकती है? राहुल गांधी कृपया हमें विकास के इस मॉडल के बारे में बताएं। बहरहाल, गुरुवार को सौंपे हलफनामे में राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास कार नहीं है, जबकि विभिन्न बैंकों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की उन पर 72 लाख रुपए की देनदारी है। राहुल ने मां सोनिया गांधी से 5 लाख रुपए का कर्ज भी ले रखा है। गांधी के पास 5 करोड़ 80 लाख 58 हजार 799 रुपए की चल संपत्ति है, जबकि 10 करोड़ 8 लाख 18 हजार 284 रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी कुल संपत्ति 15 करोड़ रुपए 88 लाख 77 हजार 83 रुपए है। यानी, 2014 से 2019 के बीच राहुल गांधी की संपत्ति में 6 करोड़ 48 लाख 77 हजार रुपए का इजाफा हुआ है।

वहीं, 2004 से 2019 के तुलना करें तो इन 15 वर्षों में राहुल गांधी की संपत्ति में 2,745 प्रतिशत यानी 15 करोड़ 32 लाख 93 हजार 960 रुपए की वृद्धि हुई है। वायनाड के नामांकन पत्र के साथ सौंपे गए हलफनामे में उन्होंने घोषणा की है कि उनके खिलाफ पांच मामले लंबित हैं। हलफनामे के मुताबिक, उनके खिलाफ दो मामले महाराष्ट्र में लंबित हैं और एक-एक मामला झारखंड, असम और नई दिल्ली में लंबित है।

कांग्रेस प्रमुख के पास 40 हजार रुपए नकदी है, विभिन्न बैंकों में उनके 17.93 लाख रुपए जमा हैं। गांधी ने 5.19 करोड़ रुपये विभिन्न कंपनियों के बॉन्ड, डिबेंचर और शेयरों में लगा रखे हैं। उनके पास 333.3 ग्राम सोना भी है। दिल्ली के सुल्तानपुर गांव में उनके पास खेती की पैतृक जमीन भी है। हलफनामे में राहुल ने कहा है कि उनके पास गुरुग्राम में दो कार्यालय हैं। एफिडेविट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2017-18 में उनकी कुल आय 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार 570 रुपए थी।

राहुल गांधी ने घोषणा की है कि उनके आय का स्रोत सांसद के वेतन, रॉयल्टी आय, किराए से आय, बॉन्ड से मिले ब्याज, डिविडेंड और म्युचुअल फंड से मिलने वाली पूंजी है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा है कि उन्होंने 1995 में कैंब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनीटी कॉलेज से एमफिल (डेवलपमेंट स्टडीज) किया है। हलफनामे में बताया गया है कि राहुल गांधी के पास कार नहीं है और एसपीजी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उन्हें एसपीजी के वाहन में घूमना पड़ता है।

Previous articleयह क्या बोल गए राहुल गांधी, कहा- मैं मोदी से नफरत नहीं करता हूं, आई लव पीएम मोदी
Next articleमहाराष्‍ट्र में कांग्रेस-एनसीपी के स्‍टार प्रचारक बने राज ठाकरे, शिवसेना के खिलाफ करेंगे प्रचार