केशव मौर्य का विपक्ष पर बड़ा हमला: ‘मोदी भरोसा हैं, राहुल-अखिलेश धोखा’; 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद के लोनी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि “मोदी भरोसा हैं, जबकि राहुल गांधी और अखिलेश यादव धोखा हैं।” इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान भी किया।

लोनी स्थित कन्या डिग्री कॉलेज में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केशव मौर्य ने अहिल्याबाई होल्कर द्वार का उद्घाटन किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे अधिकारिणी थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब देशभर में उनका जन्मोत्सव सम्मानपूर्वक मनाया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “2027 में साइकिल को केवल पंचर नहीं करना है, बल्कि तोड़कर सैफई भेजना है।” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सिर्फ पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने तक सीमित न रहें, बल्कि विपक्षी उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराने के लक्ष्य के साथ काम करें।

राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि यह देवी अहिल्याबाई होल्कर को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा और काशी से जुड़े मामलों में भी अंततः सत्य की जीत होगी। उनके अनुसार, अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, उज्जैन सहित देश के अनेक प्रमुख मंदिरों के जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने, गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और महिलाओं को आरक्षण जैसे फैसलों ने देश में व्यापक बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया के कई देशों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च सम्मान दिए जाने से भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक वोट केवल सरकार नहीं चुनता, बल्कि देश की दिशा और भविष्य भी तय करता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव में फिर से पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।