गोरखपुर महानगर में मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत प्रमुख सड़कों के आधुनिकीकरण का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। नगर निगम ने फेज-2 और फेज-3 की पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए कार्यदायी संस्थाओं का चयन कर लिया है। करीब 116 करोड़ रुपये की लागत से शहर की कई महत्वपूर्ण सड़कों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली है। नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर चयनित कंपनियों को कार्य आवंटित कर दिया गया है। मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार, सभी फर्मों को 10 दिनों के भीतर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम ग्रिड फेज-2 के तहत शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौराहा, अंबेडकर चौक से हरिओम नगर तिराहा और हरिओम नगर तिराहे से कचहरी चौराहा होते हुए टाउनहाल तक स्मार्ट सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा कचहरी चौराहे से काली मंदिर तक सड़क का भी आधुनिकीकरण होगा। इन दोनों परियोजनाओं का जिम्मा मेसर्स अम्बे इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है।
फेज-3 में कचहरी चौराहे से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक तक स्मार्ट सड़क निर्माण का कार्य मेसर्स कीर्ति इंटरप्राइजेज को मिला है। वहीं गणेश चौराहे से यूनिवर्सिटी चौराहा, अलंकार ज्वैलर्स से एचपी स्कूल, डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहे तक सड़क निर्माण का जिम्मा मेसर्स बेबी शाही योगी कंस्ट्रक्शन कम्पनी (जेवी) को सौंपा गया है। इसके अलावा स्पोर्ट्स कॉलेज रोड पर भी सड़क विकास का कार्य किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद गोरखपुर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी और शहर के बुनियादी ढांचे को नई पहचान मिलेगी। यह परियोजना शहर को स्मार्ट और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

