सीने पर डिंपल यादव का टैटू दिखाकर अखिलेश से मिला समर्थक, याद दिलाया पुराना वादा

सीने पर डिंपल यादव का टैटू दिखाकर अखिलेश से मिला समर्थक, याद दिलाया पुराना वादा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आजमगढ़ दौरे के दौरान एक समर्थक का अनोखा अंदाज चर्चा का विषय बन गया। समर्थक अपने सीने पर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव का टैटू बनवाकर अखिलेश यादव से मिलने पहुंचा और उनसे पुराना वादा याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने “भाभी मां” से मिलवाने का वादा किया था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, अखिलेश यादव तीन दिन पहले आजमगढ़ में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उनके काफिले के रुकते ही बड़ी संख्या में समर्थक उनसे मिलने पहुंचे। इसी दौरान एक युवक ने अपनी शर्ट के बटन खोलकर सीने पर बना डिंपल यादव का टैटू दिखाया और मुस्कुराते हुए कहा कि “आपने भाभी मां से मिलवाने का वादा किया था, अब कब मिलवाएंगे?” समर्थक की इस बात पर अखिलेश यादव भी मुस्कुरा दिए और अन्य समर्थकों से मुलाकात के बाद आगे बढ़ गए।

आजमगढ़ प्रवास के दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर भी कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अयोध्या के कई दौरे किए, लेकिन उन्हें कथित अनियमितताओं की जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि मामले में गठित एसआईटी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

अखिलेश यादव ने पंचायत चुनावों में देरी, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार “वन नेशन, वन इलेक्शन” की बात करती है, तो पंचायत चुनाव समय पर क्यों नहीं करा पा रही है। साथ ही उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल समर्थक के वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, इस पर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।