लखनऊ समेत अवध के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

लखनऊ समेत अवध के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लखनऊ समेत अवध क्षेत्र के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आईएमडी के नाउकास्ट अलर्ट के अनुसार लखनऊ, रायबरेली, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ भारी बारिश और कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा होने की आशंका जताई गई है। खराब मौसम के कारण निचले इलाकों में जलभराव और दृश्यता कम होने की संभावना भी है।

वहीं अंबेडकर नगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों से सटे इलाकों में भी मौसम तेजी से बदल सकता है।

खराब मौसम की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को संवेदनशील जिलों में अलर्ट मोड पर रखा गया है। निचले इलाकों, नदी किनारे बसे गांवों और जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय कर दिया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा खेतों और जलाशयों के आसपास जाने से परहेज करें। वाहन चालकों को भी तेज हवा और बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।