उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के सेवारत शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को विशेष अवकाश (स्पेशल लीव) देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा में बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल होंगे। इसे देखते हुए परीक्षा तिथियों पर विशेष अवकाश स्वीकृत किया गया है।
शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश दिया है कि आदेश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र शिक्षक बिना किसी प्रशासनिक बाधा के परीक्षा में शामिल हो सकें।
इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज तथा प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को भी आवश्यक कार्रवाई और अनुपालन के लिए भेजी गई है।
शिक्षक संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। लंबे समय से परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों के लिए विशेष अवकाश की मांग की जा रही थी। शासन के इस निर्णय से शिक्षकों को परीक्षा देने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अवकाश को लेकर किसी तरह की प्रशासनिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।


