उत्तर प्रदेश के 29 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इन अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत कर दिया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की अधिसूचना के बाद राज्य के नियुक्ति विभाग ने मंगलवार देर रात पदोन्नति आदेश जारी कर दिए।
इन अधिकारियों के आईएएस संवर्ग में शामिल होने का निर्णय 10 जून को नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक में लिया गया था। पदोन्नति वर्ष 2010 से 2012 बैच के पीसीएस अधिकारियों को मिली है। अब सरकार जल्द ही इन अधिकारियों की नई तैनाती और तबादलों की सूची भी जारी करेगी।
प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में विभिन्न मंडलों के अपर आयुक्त, कई जिलों के अपर जिलाधिकारी, लखनऊ, गोरखपुर और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा अन्य महत्वपूर्ण विभागों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।
पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों में डॉ. विश्राम, अशोक कुमार कनौजिया, पुष्प राज सिंह, संजय कुमार सिंह, राज कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार पटेल, सुशीला, वैभव मिश्रा, विवेक श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार यादव, योगानंद पांडेय, अमित कुमार, पूनम निगम, डॉ. नितिन मदान, हर्ष देव पांडेय, शैलेन्द्र कुमार सिंह, नरेन्द्र बहादुर सिंह, संतोष बहादुर सिंह, पंकज वर्मा, विजय कुमार सिंह, अतुल कुमार, अमित सिंह, प्रियंका सिंह, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार और राकेश कुमार सिंह समेत कुल 29 अधिकारी शामिल हैं।
वहीं, सचिवालय प्रशासन विभाग में भी पदोन्नति की प्रक्रिया तेज हो गई है। सचिवालय में कार्यरत 336 सहायक समीक्षा अधिकारियों को समीक्षा अधिकारी के पद पर पदोन्नत किए जाने की तैयारी है। आयोग की संस्तुतियां विभाग को मिल चुकी हैं और जल्द ही पदोन्नति आदेश जारी होने की संभावना है।
इसके अलावा सचिवालय सेवा के कई अधिकारियों को भी उच्च पदों पर पदोन्नति मिली है। सिद्धाशरण पांडेय, अजय ओझा और हृदय नारायण यादव को विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं संजीव श्रीवास्तव, आनंद कौशिक, राजेश पांडेय, अजीत सिन्हा, एसपी सिंह, अवंतिका राय, नितिन गुप्ता और लालमणि यादव संयुक्त सचिव बने हैं। जय सिंह, दीपक माथुर, अरविंद कुमार चौबे, शैलेंद्र कुमार राय, संजय कुमार द्विवेदी, किसलय सिंह, ममता श्रीवास्तव और जूली दुबे को उप सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है।



