ढाई साल बाद बरेली-दिल्ली फ्लाइट सेवा फिर शुरू, पहले दिन 88 यात्रियों ने किया सफर

ढाई साल बाद बरेली-दिल्ली फ्लाइट सेवा फिर शुरू, पहले दिन 88 यात्रियों ने किया सफर

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब ढाई साल के इंतजार के बाद बरेली-दिल्ली-बरेली फ्लाइट सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस ने गुरुवार से इस रूट पर अपनी उड़ान का संचालन दोबारा शुरू कर दिया।

पहले दिन दिल्ली से बरेली आने वाली फ्लाइट में 51 यात्री पहुंचे, जबकि बरेली से दिल्ली के लिए 37 यात्रियों ने उड़ान भरी। हालांकि उद्घाटन के दिन फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 25 मिनट की देरी से बरेली पहुंची। इसके बाद निर्धारित ठहराव के बाद विमान दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

इंडिगो ने बरेली-दिल्ली मार्ग पर एटीआर विमान के जरिए सेवा शुरू की है। फिलहाल यह उड़ान सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पहले दिन यात्रियों और अधिकारियों में फ्लाइट सेवा दोबारा शुरू होने को लेकर उत्साह देखने को मिला।

बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान सेवा पहली बार 8 मार्च 2021 को शुरू हुई थी। मार्च 2024 में अनुबंध समाप्त होने के बाद इसका संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद लगातार इस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग उठती रही।

इस फ्लाइट सेवा के फिर से शुरू होने से बरेली के अलावा हल्द्वानी, रुद्रपुर, नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। व्यापारी, छात्र, डॉक्टर, उद्यमी और मरीज बड़ी संख्या में दिल्ली की यात्रा करते हैं। अब उन्हें सड़क या रेल मार्ग की तुलना में कम समय में दिल्ली पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में इस सेवा को सप्ताह में तीन दिन के बजाय नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।