लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को दिल का दौरा (कार्डिएक अरेस्ट) पड़ने के बाद लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जैसे ही राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया। उन्होंने कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचने से राहत मिली है और डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपचार के बाद उनकी सेहत में जल्द सुधार होगा।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि राजेंद्र चौधरी को कार्डिएक अरेस्ट आया था, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जरूरत पड़ने पर उन्हें लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राजेंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के समय से संगठन के प्रमुख नेताओं में रहे हैं। वह वर्ष 2021 से विधान परिषद (एमएलसी) के सदस्य हैं और वर्तमान में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता के साथ उत्तराखंड में सपा के राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने वर्ष 2002 में मुलायम सिंह यादव सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री तथा वर्ष 2013 में अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जेल और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। राजनीतिक सादगी, स्पष्टवादिता और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण उनकी अलग पहचान रही है।




