उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ दौरे के दौरान 384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी पर सवाल उठा रहे हैं, वे वक्फ संपत्तियों में कथित हेराफेरी पर चुप्पी साधे हुए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पहले मंदिरों का पैसा कब्रिस्तानों पर खर्च होता था, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी और दुर्गा पूजा के दौरान दंगे होते थे, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की प्रगति विपक्ष को रास नहीं आ रही है और वह समाज को जाति के आधार पर बांटने की राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, जबकि सपा पर रामभक्तों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब इन दलों की राजनीति को समझ चुकी है।
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रस्ट की मांग पर SIT जांच कराई गई और जांच एजेंसी ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए तथ्यों को स्पष्ट कर दिया। जिन लोगों के खिलाफ साक्ष्य मिले, उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि एक घटना के आधार पर अयोध्या और राम मंदिर को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
सीएम योगी ने सवाल उठाया कि वक्फ संपत्तियों में कथित अनियमितताओं पर विपक्ष क्यों नहीं बोलता। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ के नाम पर गरीबों की जमीनों का दुरुपयोग किया गया, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष मौन है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” की नीति पर चलती थीं, जबकि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने प्रतापगढ़ में बने सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम लगातार जारी है।



