राम मंदिर दान चोरी विवाद: अनुपम खेर के बयान पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘चोरों से इतनी सहानुभूति क्यों?’

राम मंदिर दान चोरी विवाद: अनुपम खेर के बयान पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘चोरों से इतनी सहानुभूति क्यों?’

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर अभिनेता अनुपम खेर के बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभिनेता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चोरी जैसे मामले में चोरों की बजाय सवाल उठाने वालों को नसीहत देना उचित नहीं है।

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ये अजीब दलील है कि चोर को कोई कुछ न बोले, लेकिन चोरी पकड़ने वालों को नसीहत दे। चोरों से इतनी सहानुभूति का कोई तो कारण होगा या कोई राजनीतिक मजबूरी।”

दरअसल, अयोध्या दौरे पर पहुंचे अभिनेता अनुपम खेर ने राम मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था कि “चोर हर जगह होते हैं। इससे मंदिर की पवित्रता या आस्था पर कोई असर नहीं पड़ता। जिस मंदिर को बनने में 500 साल लगे, उसकी गरिमा कुछ लोगों की हरकतों से कम नहीं हो सकती।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी के घर में चोरी होती है तो दोष घर का नहीं, बल्कि चोर का होता है।

अयोध्या प्रवास के दौरान अनुपम खेर ने हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि में दर्शन किए तथा अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग भी शुरू की। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग अयोध्या में लगभग 10 से 12 दिनों तक चलेगी और किसी भी नए कार्य की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से करना शुभ माना जाता है।

वहीं, इस पूरे विवाद पर सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राम मंदिर के मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। कंगना ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर जैसे विषय का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

राम मंदिर दान चोरी प्रकरण और उस पर आए इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर भी पक्ष और विपक्ष के समर्थकों के बीच इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है।