उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पेन की रक्षा और एयरोस्पेस कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। मैड्रिड में आयोजित ‘मेक इन इंडिया इन डिफेंस सेक्टर’ कार्यशाला के दौरान अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने वर्चुअल संबोधन में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक इकोसिस्टम और निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया।
दीपक कुमार ने स्पेन की कंपनियों को उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने, तकनीकी साझेदारी, अनुसंधान एवं विकास (R&D) और संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, सिंगल विंडो सिस्टम और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है।
कार्यशाला का आयोजन मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास और Spanish Confederation of Business Organizations (CEOE) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और यूपीडा (UPEIDA) के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल संजय सिंह ने बताया कि पिछले एक दशक में भारत का रक्षा बजट लगभग तीन गुना बढ़ा है, जो रक्षा आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी रक्षा उत्पादन की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा आयातक देश से वैश्विक रक्षा विनिर्माण और निर्यात केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत अब तक 191 एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इनके माध्यम से ₹39,654.09 करोड़के प्रस्तावित निवेश और 60,232 रोजगार सृजित होने की संभावना है। वहीं विभिन्न नोड्स में 66 उद्योगों को 1,154.29 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिनमें ₹13,806.28 करोड़ का निवेश क्रियान्वयन के चरण में है और इससे 16,037 रोजगार मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि मजबूत कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, विशाल भूमि बैंक और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण राज्य रक्षा एवं एयरोस्पेस विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।


