नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 20 सितंबर को घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर देख लें। गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने रविवार के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी। इस दौरान भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। जरूरत पड़ने पर सामान्य यातायात को भी वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा सकता है।
हालांकि दूध, फल, सब्जी जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने वाले वाहनों और मेडिकल सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री नियमों के तहत छूट दी जाएगी। ऐसे में 20 सितंबर को एक्सप्रेसवे या ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस की बताई वैकल्पिक सड़कों की जानकारी पहले से रखना जरूरी होगा।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाना है तो इन रास्तों का रखें ध्यान
अगर आप चिल्ला रेड लाइट या महामाया फ्लाईओवर की तरफ से एक्सप्रेसवे के जरिए परीचौक या जीरो पॉइंट जाना चाहते हैं, तो सामान्य रास्ते की जगह आपको डीएनडी फ्लाईओवर से पहले रजनीगंधा की ओर जाने वाले कट से डायवर्ट किया जाएगा।
इसके बाद वाहन रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड रोड होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर जा सकेंगे।
वहीं डीएनडी टोल और फिल्मसिटी की तरफ से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद सेक्टर-18 अंडरपास और एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 से आने वाले वाहनों के लिए भी रूट बदला रहेगा। इन्हें सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93, एल्डिको चौक और एनएसईजेड तिराहा होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा।
अगर वाहन हाजीपुर या सेक्टर-82 से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक जा रहा है, तो उसे सेक्टर-93 कट से सेक्टर-93/92 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से फेस-2 और डीएससी रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वालों के लिए भी बदला रूट
ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले वाहन चालकों को भी सामान्य एक्सप्रेसवे रूट पर बदलाव का सामना करना पड़ेगा।
परीचौक से एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा जाने वाले वाहनों को सूरजपुर तिराहा की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड रोड के जरिए आगे बढ़ा जा सकेगा।
वहीं यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो पॉइंट उतरने वाले वाहनों को परीचौक की दिशा में भेजा जाएगा। वहां से सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसका मतलब है कि एक्सप्रेसवे पर सीधे आगे बढ़ने के बजाय कई वाहन चालकों को शहर के अंदर के वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। इसलिए यात्रा में अतिरिक्त समय लग सकता है।
सेक्टर-151, 152 और 168 वालों के लिए ये है वैकल्पिक रास्ता
हिंडन कट और सेक्टर-151/152 की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132 से उतारा जाएगा। इसके बाद जेनिसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक की ओर जाना होगा।
हाजीपुर चौक के बाद विश्वकर्मा मार्ग से सेक्टर-98, 100 और 104 की तरफ जाने का रास्ता रहेगा।
इसी तरह सेक्टर-168 और सेक्टर-132 की ओर से आने वाले वाहनों को भी सेक्टर-128 से उतरकर डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक पहुंचना होगा। यहां से विश्वकर्मा मार्ग के जरिए सेक्टर-98/100/104 की तरफ जाया जा सकेगा।
एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता सुनिश्चित किया जाएगा। आम वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
दरअसल, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की जानकारी है। उनके संभावित दौरे को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की संभावना बताई जा रही है।
हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि ट्रैफिक पुलिस की जारी एडवाइजरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा गया है। इसमें केवल अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों के भ्रमण कार्यक्रम का उल्लेख किया गया है।
इसलिए 20 सितंबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सफर करने वालों के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि निकलने से पहले अपना रूट तय कर लें। खासकर एक्सप्रेसवे, परीचौक, जीरो पॉइंट, सेक्टर-93, सेक्टर-128 और भंगेल एलिवेटेड रोड से जुड़े यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी पहले से रखना ट्रैफिक में फंसने से बचने में मदद कर सकता है।



