IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पंड्या छोड़ सकते हैं मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स से ट्रेड डील लगभग तय

IPL 2027 से पहले बड़ा उलटफेर! हार्दिक पंड्या छोड़ सकते हैं मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स से ट्रेड डील लगभग तय

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच एक बड़ी ट्रेड डील की चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो सकते हैं। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इस सौदे पर सहमति लगभग बन चुकी है। अगर डील फाइनल होती है तो हार्दिक अगले सीजन में पंजाब की जर्सी में नजर आएंगे। इसके बदले पंजाब को अपने दो खिलाड़ियों को मुंबई इंडियंस के लिए छोड़ना पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक इस ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

हार्दिक के बदले अर्शदीप और विष्णु विनोद की चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब किंग्स हार्दिक पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद को मुंबई इंडियंस को दे सकती है।

हार्दिक एक ऐसे ऑलराउंडर हैं जो बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं। यही वजह है कि पंजाब उन्हें अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखा रही है। दूसरी ओर, मुंबई को इस सौदे में अर्शदीप जैसा तेज गेंदबाज और विष्णु विनोद के रूप में विकेटकीपिंग का विकल्प मिल सकता है।

17 नवंबर से पहले हो सकता है आधिकारिक ऐलान

स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच ट्रेड डील को लेकर सहमति लगभग बन चुकी है। अब IPL अधिकारियों की ओर से इससे जुड़े दस्तावेजों को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस ट्रेड का आधिकारिक ऐलान इसी सप्ताह के बाद और 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले हो सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में हार्दिक के भविष्य को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

हार्दिक के लिए तीन फ्रेंचाइजी ने दिखाई थी दिलचस्पी

हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने की संभावना केवल पंजाब किंग्स तक सीमित नहीं थी। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस ने कुल तीन फ्रेंचाइजी के साथ इस संबंध में बातचीत की थी। इनमें पंजाब किंग्स के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी शामिल थी। हालांकि, पंजाब और KKR ही वे टीमें थीं, जिनके साथ बातचीत अगले चरण तक पहुंची।

पंजाब को एक ऐसे मैच विनर ऑलराउंडर की तलाश है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम को मजबूती दे सके। हार्दिक इस भूमिका में फिट बैठते हैं। इसी वजह से फ्रेंचाइजी अर्शदीप और विष्णु विनोद जैसे खिलाड़ियों को ट्रेड में देने पर विचार कर रही है।

KKR की नजर अब मुंबई के दूसरे खिलाड़ियों पर?

अगर हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में चले जाते हैं तो मुंबई इंडियंस के साथ KKR की आगे की बातचीत भी दिलचस्प हो सकती है। अब यह देखना होगा कि KKR मुंबई से किसी दूसरे बड़े खिलाड़ी को ट्रेड करने की मांग करती है या नहीं।

फिलहाल पूरी डील रिपोर्ट्स और बातचीत पर आधारित है। मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स या IPL की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।