गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला अब राजनीतिक तकरार में बदल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान हुई अराजकता में एक मासूम की जान चली गई। इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि वह गुरुवार शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
योगी ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें लोगों की सुविधा के लिए बनाई जाती हैं, न कि वहां अव्यवस्था और अराजकता फैलाने के लिए।
‘सपा गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि माफिया और गुंडों को सपा का संरक्षण मिलता रहा है।
योगी ने कहा कि 12-13 साल के मासूम बच्चे की गलती क्या थी? वह पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान हुई अव्यवस्था में उसकी जान चली गई। मुख्यमंत्री ने सपा के पुराने शासनकाल का जिक्र करते हुए वन माफिया और खनन माफिया के सक्रिय होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब ऐसे लोगों के खिलाफ फिर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
सीएम योगी ने इस दौरान अखिलेश यादव को सीधे चुनौती भी दी। उन्होंने कहा, ‘चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।’ योगी ने आरोप लगाया कि कमजोर लोग सामने से मुकाबला करने के बजाय पीछे से वार करते हैं।
राम के नाम का जिक्र करते हुए भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भक्तों को अच्छे दिनों में राम याद आते हैं, जबकि दुर्जनों के अंतिम समय में भी उनके मुंह से राम का नाम निकलता है। इसके अलावा उन्होंने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए ओवैसी पर भी निशाना साधा। योगी ने कहा कि हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मी पुरम की सौगात दे देंगे।
रोड शो में जेसीबी की चपेट में आने से गई बच्चे की जान
यह पूरा मामला बुधवार को अखिलेश यादव के गोरखपुर रोड शो से जुड़ा है। अखिलेश ने शहर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था।
परिजनों का आरोप है कि रोड शो में शामिल जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे और इसी दौरान उसकी टक्कर से बच्चे की जान चली गई। बच्चे के पिता ओंकार सिंह स्थानीय बीजेपी नेता बताए गए हैं। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों पर मुकदमा
हादसे के बाद परिजनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। अखिलेश यादव ने घटना पर कहा था कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। उन्होंने रोड शो के दौरान प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने की बात भी कही थी।
वहीं, पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर है। मुख्यमंत्री की पीड़ित परिवार से प्रस्तावित मुलाकात के बाद इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।



