ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने डिजिटल सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने की पहल की है। अब टिकट बुक करने, ट्रेन की लाइव लोकेशन देखने, सीट पर खाना मंगाने और शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग-अलग ऐप्स के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय रेलवे का सुपर ऐप Rail One इन सभी सुविधाओं को एक ही जगह उपलब्ध करा रहा है। इसका मकसद यात्रियों को एक लॉगिन के जरिए पूरी यात्रा से जुड़ी डिजिटल सेवाएं देना है।
रेलवे की आईटी विंग CRIS (Centre for Railway Information Systems) और IRCTC ने मिलकर इस ऐप को तैयार किया है। जुलाई 2025 में लॉन्च हुआ यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त उपलब्ध है। इसके जरिए रेलवे यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा के बाद मिलने वाली सेवाओं तक एक ही प्लेटफॉर्म पर सुविधा देने की कोशिश कर रहा है।
IRCTC, UTS और NTES की अलग-अलग ऐप्स से मिलेगी राहत
पहले यात्रियों को रिजर्व टिकट के लिए IRCTC, जनरल टिकट के लिए UTS, ट्रेन की जानकारी के लिए NTES, खाना ऑर्डर करने के लिए e-Catering और शिकायत के लिए Rail Madad का इस्तेमाल करना पड़ता था। अब Rail One में इन सेवाओं को एक साथ उपलब्ध कराया गया है।
इस ऐप की खास बात इसका सिंगल साइन-ऑन फीचर है। जिन यात्रियों के पास पहले से IRCTC Rail Connect या UTS का अकाउंट है, वे उसी पुरानी आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर सकते हैं।
बार-बार पासवर्ड या OTP डालने की परेशानी से बचने के लिए mPIN, फिंगरप्रिंट और फेस लॉक जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। वहीं, बिना रजिस्ट्रेशन के गेस्ट लॉगिन के जरिए ट्रेन सर्च और लाइव स्टेटस जैसी जानकारियां देखी जा सकती हैं।
जनरल से तत्काल टिकट तक, बुकिंग पर 3% तक की छूट
Rail One ऐप के जरिए यात्री कई तरह के टिकट बुक कर सकते हैं। इसमें रिजर्व्ड टिकट, तत्काल टिकट, जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और मंथली सीजन टिकट की सुविधा शामिल है।
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए ऐप से अनरिजर्व्ड टिकट की ऑनलाइन बुकिंग पर 3 फीसदी तक की छूट भी दी जा रही है। हालांकि, यह सुविधा लागू शर्तों के अधीन है।
ऐप के ‘My Bookings’ सेक्शन में बुक किए गए और कैंसिल किए गए टिकटों का रिकॉर्ड भी एक जगह मिल जाता है। इससे यात्रियों को पुरानी बुकिंग की जानकारी तलाशने में आसानी होती है।
ट्रेन की लाइव लोकेशन से लेकर सीट पर खाना तक
सफर के दौरान यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी ट्रेन की देरी, प्लेटफॉर्म और कोच की जानकारी को लेकर होती है। Rail One में इन समस्याओं के लिए कई फीचर दिए गए हैं।
-
लाइव ट्रेन स्टेटस: ट्रेन कहां पहुंची है और कितनी देरी से चल रही है, इसकी जानकारी मिल सकती है।
-
PNR स्टेटस: टिकट कंफर्म हुआ या नहीं, कोच और बर्थ की जानकारी देख सकते हैं।
-
कोच पोजिशन: प्लेटफॉर्म पर आपका कोच कहां लगेगा, इसकी जानकारी पहले से मिल सकती है।
-
e-Catering: अधिकृत वेंडर्स के मेन्यू से खाना ऑर्डर कर सकते हैं और डिलीवरी की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं।
इन सुविधाओं से खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को सहूलियत मिल सकती है।
शिकायत और रिफंड के लिए भी नहीं बदलना पड़ेगा ऐप
Rail One में Rail Madad की सुविधा को भी जोड़ा गया है। अगर ट्रेन में सफाई की समस्या है, AC काम नहीं कर रहा या यात्रा के दौरान कोई दूसरी परेशानी आती है, तो यात्री इसी ऐप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत पर हुई कार्रवाई का स्टेटस भी देखा जा सकता है।
टिकट कैंसिल होने या यात्रा से जुड़ी दूसरी परिस्थितियों में रिफंड रिक्वेस्ट की सुविधा भी ऐप पर उपलब्ध है। इसके अलावा रेलवे के R-Wallet के जरिए डिजिटल भुगतान किया जा सकता है।
ऐप में पार्सल और फ्रेट सेवाओं की जानकारी, लॉजिस्टिक इन्क्वायरी और रेलवे के इतिहास से जुड़ा ‘Do You Know’ सेक्शन भी दिया गया है।
कैसे डाउनलोड करें Rail One ऐप?
रेलवे का यह ऐप Android यूजर्स के लिए Google Play Store और iPhone यूजर्स के लिए Apple App Store पर उपलब्ध है। यात्री इसे मुफ्त डाउनलोड करके अपने मौजूदा IRCTC या UTS अकाउंट से लॉगिन कर सकते हैं।
कुल मिलाकर Rail One का उद्देश्य रेलवे की अलग-अलग डिजिटल सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाना है। अगर यात्री इसकी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, तो टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन में सफर के दौरान आने वाली कई परेशानियों का समाधान एक ही ऐप से मिल सकता है।

