UP Election 2027: पूर्वांचल में BJP को झटका! दिग्गज नेता उत्पल राय सपा में शामिल, अखिलेश बोले- अब कमल और मुरझाएगा

UP Election 2027: पूर्वांचल में BJP को झटका! दिग्गज नेता उत्पल राय सपा में शामिल, अखिलेश बोले- अब कमल और मुरझाएगा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को पूर्वांचल में बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। मऊ और गाजीपुर की राजनीति में प्रभाव रखने वाले बीजेपी नेता उत्पल राय ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें लाल टोपी पहनाकर सदस्यता दिलाई। इस दौरान गाजियाबाद के ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और रेउसा ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

उत्पल राय की सपा में एंट्री को पूर्वांचल में पार्टी की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खासकर मऊ और गाजीपुर में उनके पुराने राजनीतिक संपर्क और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए इस घटनाक्रम पर सबकी नजर है।

अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज- अब कमल और मुरझाएगा

सदस्यता कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने उत्पल राय के नाम को लेकर बीजेपी पर चुटकी ली। उन्होंने कहा, “बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं। कमल छोड़कर कमल हमारे साथ आ गए। अब तो कमल और मुरझाएगा।”

दरअसल, उत्पल का अर्थ कमल होता है। इसी शब्द के जरिए अखिलेश ने बीजेपी के चुनाव चिह्न पर निशाना साधा। उन्होंने आगे कहा कि इस बार जनता बीजेपी सरकार की विदाई करने वाली है। अखिलेश के मुताबिक, “हमारे यहां विदाई पर राधे-राधे कहते हैं। इस बार जनता इस सरकार की विदाई करने वाली है, इसलिए यह राधे-राधे विदाई वाला है। बीजेपी हटेगी, संकट मिटेगा।”

उत्पल राय बोले- मेरे रक्त में समाजवाद था

समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद उत्पल राय ने अपने राजनीतिक सफर को लेकर भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि समाजवाद उनके रक्त में रहा है और उन्होंने बचपन से अपने पिता के साथ समाजवादी विचारधारा को देखा है। उनके मुताबिक, कुछ फरेब की वजह से वह बीजेपी में चले गए थे।

उत्पल राय ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वहां सरकार बनाने, लोगों को खरीदने और विरोधियों का मुंह बंद करने की बातें होती हैं। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान युवाओं को नौकरियां मिलती थीं, जबकि आज नौकरी नहीं मिलने से युवा परेशान और आक्रोशित हैं।

कौन हैं उत्पल राय? छात्र राजनीति से शुरू हुआ था सफर

उत्पल राय का राजनीतिक सफर इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। साल 1994 में वह विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष बने थे। इसी दौरान समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी संभाली।

वह मऊ जिले के मधुबन क्षेत्र के निवासी हैं और मऊ तथा गाजीपुर की राजनीति में उनकी पकड़ मानी जाती है। उनके पिता रामकमल राय इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे, जबकि उनके बड़े भाई निशीथ राय डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं।

तीन बार मधुबन से लड़ा चुनाव, 2016 में थामा था BJP का हाथ

उत्पल राय ने मधुबन विधानसभा सीट से 1997, 2002 और 2012 में चुनाव लड़ा था। साल 2007 में बसपा सरकार के दौरान उन्हें उत्तर प्रदेश ग्रामीण आवास विकास परिषद का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर उन्हें दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री का दर्जा मिला था।

इसके बाद 9 जुलाई 2016 को उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ले ली थी। उन्हें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का करीबी माना जाता है। 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने बीजेपी के चुनाव प्रबंधन में भूमिका निभाई थी।

2027 से पहले पूर्वांचल में बदल सकता है सियासी समीकरण

उत्पल राय का बीजेपी छोड़कर सपा में जाना 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। मऊ और गाजीपुर में उनके पुराने राजनीतिक संपर्क समाजवादी पार्टी के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।

हालांकि, इसका चुनावी असर कितना होगा, यह आने वाले समय में साफ होगा। फिलहाल अखिलेश यादव ने इस बदलाव को बीजेपी के कमजोर होने के संकेत के तौर पर पेश किया है, जबकि उत्पल राय ने सपा में वापसी के साथ अपने पुराने राजनीतिक विचारों से जुड़ने की बात कही है।