West Bengal SIR: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, वोटर लिस्ट से हटाए गए लोगों की अपील पहले सुनी जाएगी, नाम जुड़ने पर विवाद वाली सुनवाई टली

West Bengal SIR: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश, वोटर लिस्ट से हटाए गए लोगों की अपील पहले सुनी जाएगी, नाम जुड़ने पर विवाद वाली सुनवाई टली

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। अदालत ने कहा है कि वोटर लिस्ट से जिन लोगों के नाम हटा दिए गए हैं, उनकी अपीलों पर पहले सुनवाई की जाए। वहीं, जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, उनके खिलाफ दाखिल अपीलों की सुनवाई फिलहाल टाल दी जाए। कोर्ट का मानना है कि नाम हटाए जाने से प्रभावित लोगों के मामलों में ज्यादा प्राथमिकता की जरूरत है। इसके साथ ही कोलकाता नगर निगम क्षेत्र से जुड़ी अपीलों को भी जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया है, क्योंकि वहां निकाय चुनाव होने वाले हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने अपीलों को दो हिस्सों में बांटने का दिया निर्देश

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने पश्चिम बंगाल की SIR अपीलीय ट्रिब्यूनलों को सभी लंबित अपीलों को दो श्रेणियों में बांटने को कहा है।

पहली श्रेणी में उन मतदाताओं की अपीलें होंगी, जिनके नाम SIR के बाद मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। दूसरी श्रेणी में उन लोगों की अपीलें रखी जाएंगी, जो मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जाने को चुनौती दे रहे हैं।

अदालत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दूसरी श्रेणी की अपीलों में कोई तत्कालिकता नहीं है। इसलिए उनकी सुनवाई कुछ समय के लिए टाली जा सकती है। इसके बजाय नाम हटाए जाने से प्रभावित लोगों की अपीलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

कोलकाता के मतदाताओं को मिलेगी विशेष प्राथमिकता

सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के उन मतदाताओं की अपीलों को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इसकी वजह यह है कि इस क्षेत्र में नगर निगम चुनाव जल्द होने वाले हैं।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि करीब 38 लाख अपीलें दाखिल हुई हैं, लेकिन अब तक एक लाख से कुछ अधिक मामलों का ही निपटारा हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि निपटाए गए मामलों में करीब 93 फीसदी फैसले हटाए गए मतदाताओं के पक्ष में आए हैं। उनके मुताबिक, कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और उनकी अपीलें अभी लंबित हैं।

ट्रिब्यूनलों में बढ़ेंगे सदस्य, नए स्थान तलाशने का निर्देश

मामलों के तेजी से निपटारे के लिए सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग को कलकत्ता हाईकोर्ट से सलाह लेकर अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या और कार्यक्षमता बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा आयोग को कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में ट्रिब्यूनलों के लिए वैकल्पिक जगह तलाशने को भी कहा गया है, ताकि लोगों को सुनवाई के लिए सुविधा मिल सके और लंबित मामलों का जल्द निपटारा हो।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अपील पर भी उठे सवाल

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने निर्वाचन आयोग के हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने के खिलाफ अपीलें दाखिल की हैं। उन्होंने इस कार्रवाई के कानूनी आधार पर सवाल उठाया।

उनका तर्क था कि संबंधित चुनाव नियमों के नियम 23 के तहत निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के फैसले के खिलाफ अपील का प्रावधान है, लेकिन निर्वाचन आयोग का अपनी ही ओर से नाम शामिल किए जाने के फैसलों को चुनौती देना उचित नहीं है।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने नाम शामिल किए जाने के खिलाफ दाखिल अपीलों की सुनवाई स्थगित करने का निर्देश दिया। अब अदालत की प्राथमिकता उन लोगों की अपीलों का निपटारा करना है, जिनके नाम SIR के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।