महिलाओं को 40 हजार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 65 की रिटायरमेंट उम्र: कल आएगा सपा का ‘PDA का प्रणपत्र’, जानें क्या हैं बड़े वादे?

महिलाओं को 40 हजार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 65 की रिटायरमेंट उम्र: कल आएगा सपा का ‘PDA का प्रणपत्र’, जानें क्या हैं बड़े वादे?

उत्तर प्रदेश के 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी कल यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी दस्तावेज पेश करने जा रही है. अखिलेश यादव ने इसे ‘जन-मन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया है. इस बार सपा पूरे प्रदेश, सभी 75 जिलों और राजधानी लखनऊ के लिए अलग-अलग स्तर पर घोषणा-पत्र लाने की तैयारी में है. आम परिवार, छात्र और नौकरीपेशा वर्ग के लिए यह घोषणा-पत्र इसलिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें घरेलू बजट, रोजगार, पेंशन और सेवानिवृत्ति से जुड़े कई बड़े प्रस्ताव रखे जाने की चर्चा है.

तीन स्तरों पर चुनावी एजेंडा: प्रदेश, 75 जिले और लखनऊ पर खास फोकस

सपा की योजना है कि चुनावी वादों को केवल सामान्य घोषणाओं तक न रखकर हर हिस्से की जरूरत के हिसाब से तैयार किया जाए. पहला हिस्सा पूरे उत्तर प्रदेश के लिए होगा, जिसमें विकास का खाका, सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और कर्मचारियों से जुड़े बड़े मुद्दे शामिल रहेंगे. दूसरे हिस्से में सभी 75 जिलों के लिए अलग घोषणा-पत्र होंगे, जिनमें संबंधित जिले की भौगोलिक स्थिति, सड़क, सिंचाई, कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की स्थानीय समस्याओं को जगह दी जाएगी. तीसरा हिस्सा लखनऊ के लिए विशेष होगा, जिसमें जाम से राहत के लिए नए फ्लाईओवर और ब्रिज, बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को मुफ्त मेट्रो यात्रा का प्रस्ताव शामिल हो सकता है.

महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों के लिए क्या-क्या हैं संभावित ऐलान?

प्रस्तावित एजेंडे में महिलाओं को ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत सालाना 40 हजार रुपये की मदद, इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप और लड़कियों की इंटरमीडिएट या स्नातक तक मुफ्त पढ़ाई का प्रस्ताव शामिल हो सकता है. युवाओं के लिए स्वरोजगार को दो लाख रुपये तक की सहायता, खाली सरकारी पदों को भरने, नियमित भर्ती कैलेंडर और पारदर्शिता पर जोर देने की बात है. सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, रिटायरमेंट की आयु 60 से बढ़ाकर 65 साल करने (जिसके लिए संवैधानिक संशोधन की बात कही गई है) और संविदा व आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने जैसे प्रस्ताव भी चर्चा में हैं.

मुफ्त बिजली-इलाज से लेकर PDA को आर्थिक ताकत देने की कवायद

आम घरों को राहत देने के लिए घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, स्मार्ट मीटर व बिजली दरों में राहत, गरीबों को बिना कार्ड मुफ्त इलाज और समाजवादी पेंशन योजना दोबारा शुरू करने के प्रस्ताव सामने आ सकते हैं. शिक्षा क्षेत्र में शिक्षामित्रों को शिक्षक का दर्जा, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय, मदरसा व संस्कृत विद्यालय के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से अलग रखने की बात कही गई है. इसके साथ ही खिलाड़ियों को सुविधाएं, ‘यश भारती पुरस्कार’ की वापसी और पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक वर्गों को आर्थिक भागीदारी से जोड़कर PDA को नया आयाम देने की तैयारी है.