राफेल को लेकर कांग्रेस पार्टी ने एक ऑडियो क्लिप के सहारे सरकार पर जोरदार हमला बोला है. कांग्रेस ने दावा किया है कि गोवा के मंत्रिमंडल में पूर्व रक्षा मंत्री और मौजूदा सीएम मनोहर पर्रिकर ने राफेल डील के रहस्य पर कुछ अहम जानकारियां दी थीं, जो उनके ही मंत्री विश्वजीत राणे से की गई बातचीत में कैद हैं.
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने अपने इस दावे के सबूत के तौर पर गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे की बातचीत की एक ऑडियो क्लिप भी सुनाई.
#WATCH Randeep Surjewala, Congress releases audio clip of Goa Health Minister Vishwajit Pratapsingh Rane claiming Chief Minister Manohar Parrikar has “All the files related to #RafaleDeal in his bedroom” pic.twitter.com/M8VZbfPnxJ
— ANI (@ANI) January 2, 2019
ऑडियो क्लिप में बोले
जिसमें सुनाई देता है, ‘मुख्यमंत्री ने बड़ा महत्वपूर्ण बयान दिया है कि राफेल पर पूरी जानकारी उनके बेडरूम में है.’ इस पर दूसरा व्यक्ति हंस पड़ता है.
इतना ही नहीं क्लिप में सुनाई पड़ता है, ‘आप इस बात को किसी से भी क्रॉस चेक करा सकते हैं जो कैबिनेट मीटिंग में शामिल रहा हो. उन्होंने (सीएम) कहा है कि हर एक दस्तावेज उनके कमरे में है.
राफेल मुद्दा हुआ गरम
सुरजेवाला के इस दावे से राफेल मुद्दा एक बार फिर गरम हो गया है. गौर करने वाली बात है कि यह खबर ऐसे समय में आई है जब आज ही सुप्रीम कोर्ट में राफेल मुद्दे पर दिए फैसले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई है.
पार्टी का दावा
कांग्रेस पार्टी ने अपने बयान में कहा, ‘गोवा के मंत्री की बातचीत से साफ है कि पर्रिकर ने कथित तौर पर कहा कि कोई उनका कुछ नहीं कर सकता और राफेल की सारी फाइलें उनके पास हैं.
कांग्रेस का दावा है कि पूर्व रक्षा मंत्री का यह कहना घोटाले के सारे आरोपों की पुष्टि करता है कि राफेल पर हर स्तर पर गड़बड़झाला है, जिसके लिए चौकीदार ही जिम्मेदार हैं.




