इमरान खान बोले- अगर जंग छिड़ी तो न मेरे काबू में होगी और न मोदी के

इस्लामाबाद: भारत की तरफ से की गई एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है. इस बीच पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान नहीं चाहता की दहशतगर्दी के लिए उसकी सरज़मीं का इस्तेमाल हो. उन्होंने फिर से पुलवामा हमले पर बातचीत का प्रस्ताव भारत को दिया है.

इमरान खान ने कहा कि मैं हिंदुस्तान से कहना चाहता हूं कि ​हम लोग अक्ल और भरोसे से काम लें. उन्होंने पहले और दूसरे विश्व युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि जंग शुरू होने के बाद कब खत्म होगी, यह तय कर पाना किसी के हाथ में नहीं है.

पाक पीएम ने कहा, ‘पहला विश्व युद्ध 6 साल चला, दूसरे में हिटलर रूस को जीतना चाहता था लेकिन ऐसा नहीं हो सका. वॉर ऑन टेरर में अमेरिका अफगानिस्तान में 17 साल फंसा रहा.’ इमरान खान ने कहा, जंग छिड़ने के बाद यह मेरे या नरेंद्र मोदी के कंट्रोल में नहीं रह जाएगा. इमरान ने कहा, हमने नरेंद्र मोदी को दावत दी की वो आए और पुलवामा से जुड़े मसले पर बैठ कर हल निकालें.’

इमरान ने कहा कि इतिहास बताता है कि जंगों में हम एक-दूसरों का आंकलन नहीं कर पाते. जो हथियार हमारे पास हैं और आपके पास हैं, क्या उसका आंकलन न कर पाने की गलती की जा सकती है. क्या हमें सोचना नहीं चाहिए अगर जंग शुरू होती है तो यह किधर जाएगी. क्योंकि तब यह न मेरे काबू में होगी और न नरेंद्र मोदी के काबू में होगी.

इमरान ने दोहराया हम भारत के साथ आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं लेकिन मसले बातचीत के जरिए ही हल करने चाहिए. इमरान ने कहा कि भारत पर हमने वायुसेना की कार्रवाई इसलिए की ताकी हम बता सकें, कि हमें भी जवाब देना आता है. इमरान ने दावा कि हमने भारतीय वायुसेना के दो विमानों को गिराया है और पायलट हमारे पास हैं.