रायबरेली में बोलीं स्मृति, राहुलजी ने आज तक किसका साथ निभाया?, न अपनों के हुए न परायों के

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2019 की लड़ाई महासंग्राम में बदल चुकी है। पहले चरण के मतदान शुरू होने में बस कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। चुनाव को लेकर नेता एक दूसरे पर हमलावर हो रहे हैं। इसी क्रम में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रायबरेली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल ने आज तक किसका साथ निभाया? महागठबंधन ने भी उनका साथ छोड़ दिया है। ममता जी भी उन्हें तवज्जो नहीं देती। आज लेफ्ट की पीठ पर भी उन्होंने छुरा भोंक दिया है। जिनके सहारे वो सत्ता का सुख भोग चुके हैं, तो ना राहुल गांधी अपनों के हुए न परायों के।

वहीं, अमेठी में कांग्रेस के न्याय स्कीम पर प्रहार करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी का न्यूनतम आय का वादा गरीबों के साथ छल है। अमेठी में इस बार जनता केवल बीजेपी को वोट करेगी। प्रियंका गांधी की एंट्री से कोई परिवर्तन नहीं होगा। भले ही वह यहां कोई कैंपेन क्यों न कर रही हों। ईरानी ने आगे यह भी कहा कि अमेठी के लोगों की वजह से राहुल गांधी लगातार 15 साल तक सत्ता में रहे। लेकिन अब वे कहीं और से नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। यह अमेठी का अपमान है और अमेठी के लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैंने किसानों के लिए 12 करोड़ रुपये आवंटित किए। मैं किसानों से जानना चाहती हूं कि अगर राहुल गांधी 6,000 रुपये प्रति वर्ष दिए होते तो शायद किसानों का कुछ भला हुआ होता। उन्होंने कभी किसानों का भला किया है? किसानों की जमीनों का अधिग्रहण कर लिया गया। अब किसान 6 मई को न्याय करेंगे। लोकसभा चुनाव के तहत पांचवें चरण में 6 मई को अमेठी में मतदान होना है।

किसानों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने किसानों का दुख सुना। मैंने किसानों से उनकी मदद करने का वादा किया है। मैं हैरत में हूं कि किसानों की मदद कोई नहीं कर रहा है। उन्हें गौरीगंज आना पड़ रहा है। उन्हें या तो लखनऊ जाना पड़ता है या रायबरेली। एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में तैनात अधिकारी भी आवाक थे। मैंने वादा किया है कि अच्छे और बुरे दोनों समय में किसानों के साथ खड़ी रहूंगी।