मुंबई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन में अपने शानदार प्रदर्शन से हार्दिक पंड्या ने सबका दिल जीत लिया है. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस से खेलते हुए उन्होंने जो फॉर्म दिखाया, उससे चयनकर्ता काफी खुश हैं. दरअसल, पंड्या मैदान के बाहर विवादों के चलते कुछ मैच से दूर थे.
बता दें, 30 मई से इंग्लैंड में वर्ल्ड कप का आगाज हो रहा है. ऐसे में IPL में पंड्या का शानदार प्रदर्शन और वापस फॉर्म में देखकर चयनकर्ताओं को राहत की सांस आई होगी. बुधवार को पंड्या ने चेन्नई के खिलाफ खेला जिसमें उन्होंने आठ गेंदों पर 25 रनों की आतिशी पारी खेली.
वहीं राष्ट्रीय चयन समिति के एक सदस्य ने बताया कि पिछले महीनों में जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यशाली था. लेकिन IPL में जिस तरह से पंड्या खेल रहे हैं वह बताता है कि उन्होंने अपना अतीत पीछे छोड़ दिया है.
उन्होंने कहा, ‘वर्ल्ड कप पास है और एक चयनकर्ता के तौर पर हार्दिक पंड्या को इस तरह की बल्लेबाजी करते हुए देखना अच्छा लगता है. यह बताता है कि वह आगे निकल चुके हैं और अपने खेल पर ध्यान दे रहे हैं. जो हुआ उसे बदला नहीं जा सकता. लेकिन, आप अपनी गलतियों से कैसे सीखते हैं यह बात मायने रखती है और यही आपके सही चरित्र को बताती है.’






