कर्नाटक के मंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस-जेडीएस के वंशोदय से भ्रष्टाचार और अन्याय पैदा होता है। हमारे अंत्योदय से पारदर्शिता और ईमानदारी की प्रतिष्ठा बढ़ती है। उनका वंशोदय अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज करता है। हमारा अंत्योदय एक चायवाले तक को प्रधानमंत्री बना देता है।
मंगलुरु में प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि आज से 5 साल पहले कौन सोच सकता था कि किसी आदिवासी इलाके में लोगों की सेवा करने वालों को, किसी गांव में पौधों की प्रजातियों को बचाने वाले को, कभी पद्म सम्मान भी मिल सकता है।
राष्ट्रपति भवन में चप्पल पहने हुए एक बुजुर्ग को जब मैं गर्व के साथ पद्म सम्मान ग्रहण करते देखता हूं, तो मन में यही आता है- मेरा भारत यही है, अपने सामर्थ्य, अपने संसाधनों और अपने सपनों पर भरोसा करने वाला भारत।
पीएम ने कहा कि आज 13 अप्रैल को जलियांवाला बाग़ नरसंहार के 100 वर्ष हो रहे हैं। मैं इस बर्बर नरसंहार में शहीद हुए प्रत्येक व्यक्ति को नमन करता हूं। उन्होंने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि इन्होने हमारी इकॉनमी को तबाह करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। देश के बैंकिंग सेक्टर को तो ये लोग 2014 में वेंटिंलेटर पर डालकर गए थे।
राहुल गाँधी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नामदारों ने फोन बैंकिंग का ऐसा खेल खेला कि बैंक बर्बाद हो गए। चौकीदार की सरकार देश के करीब 12 करोड़ किसान परिवारों के बैंक खाते में हर वर्ष 75 हजार करोड़ रुपए जमा कर रही है। लेकिन, यहां कांग्रेस-जेडीएस की सरकार ने इसमें भी खेल कर दिया है।



