कानपुर के डॉक्टर ने बीजेपी दफ्तर में सांसद पर फेंका जूता

दूसरे चरण के मतदान के साथ राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। एक बार फिर जूता कांड का जिन्न निकल कर सामने आ गया है। गुरुवार को इसका शिकार बीजेपी सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव बने।

बीजेपी दिल्ली दफ्तर में गुरुवार को सांसद नरसिम्हा राव साध्‍वी प्रज्ञा ठाकुर के भाजपा में शामिल होने पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। उन्होंने बताया कि साध्‍वी को भोपाल से चुनाव लड़ाया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस अपनी चालों से मुश्किलें खड़ी कर रही है।

सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव पर हमला

इसी बीच प्रेस कांफ्रेंस में सबसे आगे की लाइन में बैठे एक शख्‍स ने सांसद राव पर जूता फेंका। हालांकि उसका निशाना चूक गया। इसके तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने उस शख्‍स को पकड़ लिया और बाहर ले गए।

बताया जा रहा है कि उस शख्‍स के पास एक विजिटिंग कार्ड मिला, जिसके मुताबिक उसका नाम डॉ: शक्ति भार्गव है। वह यूपी के कानपुर में सिविल लाइंस पर भार्गव हॉस्पिटल चलाता है।

उधर, इस हमले पर सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस जारी रखते हुए बस इतना कहा कि ऐसे लोग ही कांग्रेस की मानसिकता वाले हैं।