Video: भाजपा नेता सोनाली फोगाट ने अफसर पर सबके सामने बरसाई चप्पल

नई दिल्ली, राजसत्ता एक्सप्रेस। टिकटॉक स्टॉर और भाजपा नेता सोनाली फोगाट ने सबके सामने एक अफसर की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सोनाली फोगाट हिसार में मार्केट कमेटी के एक सेक्रेटरी को अनाज मंडी में चप्पलों से पीटती दिख रही हैं। सोनाली फोगाट से बचने के लिए ये शख्स गिड़गिड़ा रहा है, लेकि‍न वह लगातार इस पर चप्पलें बरसा रही हैं। सोनाली जब चप्पलें बरसा रहीं थी, उस वक्त यहां पुलिसवाले भी मौजूद थे। लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने न तो सोनाली फोगाट को रोकने की कोशिश की, और न इस शख्स को बचाने की।

दरअसल सोनाली फोगाट हरियाणा के हिसार में एक अनाज मंडी का जायजा लेने पहुंची थीं। वहां उनकी मार्केट कमेटी के सेक्रेट्री सुल्तान सिंह से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि सोनाली ने अपना आपा खो दिया और अफसर को थप्पड़ जड़ दिया फिर चप्पल से पिटाई कर दी।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिकारी सोनाली को बार-बार रोकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नेता इतनी ज्यादा भड़की हुई थीं कि उन्होंने उस अधिकारी पर हाथ उठा दिया। मंडी में ऐसा क्या हुआ कि सोनाली को इतना गुस्सा आ गया, ये वजह अभी तक साफ नहीं है।

लेकिन सोनाली फोगाट के वायरल वीडियो की वजह से कांग्रेस को खट्टर सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि खट्टर सरकार के नेताओं के घटिया कारनामे। मार्केट कमेटी सचिव को जानवरों की तरह पीट रही हैं आदमपुर, हिसार की भाजपा नेता क्या सरकारी नौकरी करना अब अपराध है? क्या सीएम मनोहर लाल खट्टर कार्रवाई करेंगे? क्या मीडिया अब भी चुप रहेगा?