कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के कार्यालय में दीवार फांदकर घुसे सपाई तोड़फोड़ कर किया हंगामा, 300 लोगों पर मुकदमा दर्ज…

कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के कार्यालय में दीवार फांदकर घुसे सपाई  तोड़फोड़ कर किया हंगामा, 300 लोगों पर मुकदमा दर्ज…
रामअवतार उपाध्याय की रिपोर्ट
कानपुर। खबर कानपुर से है जहां बेरोजगारी, महंगाई और विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाकर सपाइयों ने कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोका तो दोनों ओर से झड़प होने लगी। मारपीट की नौबत के बीच हाथापाई शुरू होने लगी। पुलिस ने लाठियां पटककर सपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ा तब जाकर मामला शांत हो सका। दो नामजद समेत 300 अज्ञात के खिलाफ चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मंत्री का कहना है कि कुछ सपाई कार्यालय की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और तोड़फोड़ की।

फूल और तिरंगा भेंट करने के दौरान हुआ बवाल!

सपा नेता फतेह बहादुर सिंह गिल दोपहर को दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ सतीश महाना को फूल और तिरंगा भेंट करने जा रहे थे। मंत्री के कार्यालय में पहले से ही बड़ी संख्या में भाजपाई भी मौजूद थे। उन्होंने सपाइयों को अंदर जाने से रोका तो विवाद होने गया। देखते ही देखते हंगामा और नारेबाजी शुरू हो गई। सड़क पर जाम लग गया। दोनों ओर से बवाल शुरू होता, इससे पहले ही भारी पुलिस फोर्स पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को लाठी लेकर दौड़ा दिया।

बोले जिम्मेदार…
एसीपी कैंट मृगांग शेखर ने बताया कि मामला शांत हो गया।
महाना का कहना था कि बिना किसी सूचना के सपाई जबरन कार्यालय में घुसकर अभद्रता कर रहे थे। इस पर कार्यकर्ताओं से विवाद हुआ। कहा कि ये सभी सपा के गुंडे थे। यदि किसी को विकास कार्य की जानकारी करनी है तो वह अपने नेता से कहे कि उनसे विधानसभा में पूछे।
300 सपाइयों का मुकदमा दर्ज
फतेह बहादुर ने आरोप लगाया कि भाजपाइयों ने उनके साथ अभद्रता की है। चकेरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने फतेह बहादुर, अजीत यादव समेत 300 सपाइयों पर मुकदमा दर्ज किया है।

कार्रवाई शुरू
इसमें सेवन सीएलए, कोरोना महामारी अधिनियम, 147, 332, 353, 452 समेत 13 धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।