छत्तीसगढ़ भारत के सबसे स्वच्छ प्रदेश की सूची में सम्मानित, राष्ट्रपति के हाथों सीएम बघेल ने ग्रहण किया स्वच्छता पुरस्कार !

Chhattisgarh is the cleanest state of India
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ को स्वच्छ अमृत महोत्सव कार्यक्रम में सबसे स्वच्छ प्रदेश श्रेणी में सम्मानित किया गया है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पुरस्कार प्राप्त किया। इस सम्मान समारोह में प्रदेश के सर्वाधिक 61 नगरीय निकायों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिये गए हैं। कार्यक्रम में आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्य मंत्री कौशल किशोर भी शामिल रहे।

देश के सबसे स्वच्छ श्रेणी में सम्मिलित 

इस मौके पर छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने निरंतर तीसरे वर्ष स्वच्छतम् प्रदेश का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है तो इसका श्रेय छत्तीसगढ़ के पौने तीन करोड़ लोगों को जाता है। मैं विशेष रूप से प्रदेश की महिलाओं को इसका श्रेय देना चाहूंगा, जिन्होंने शहरों से लेकर गांवों तक स्वच्छता की एक नयी संस्कृति का निर्माण किया है।

आपको बता दें कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा हर वर्ष  देश के समस्त शहरों एवं प्रदेशों के मध्य स्वच्छ सर्वेक्षण का आयोजन किया जाता है। इसमें विभिन्न मापदंडों के अंतर्गत शहरी स्वच्छता का आकलन किया जाता है। मुख्य रूप से घर-घर से कचरा एकत्रीकरण, कचरे का वैज्ञानिक रीति से निपटान, खुले में शौच मुक्त शहर, कचरा मुक्त शहर आदि का थर्ड पार्टी के माध्यम से आकलन करते हुए नागरिकों के फीडबैक को भी इसमें सम्मिलित  किया जाता है। इसी आधार पर प्रदेशों एवं शहरों की रैंकिंग जारी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेशों तथा शहरों को सम्मानित किया जाता है।