पीएम मोदी आज करेंगे ‘परीक्षा पर चर्चा’, छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से करेंगे संवाद

पीएम मोदी आज करेंगे  ‘परीक्षा पर चर्चा’, छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से करेंगे संवाद

देश के पीएम नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘परीक्षा पर चर्चा’ प्रोग्राम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करेंगे। प्रोग्राम सुबह 11.00 बजे से शुरू होगा। नरेंद्र मोदी ने इस संबंध में एक ट्वीट कर जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि परीक्षा पर चर्चा सबसे रोमांचक कार्यक्रमों में से एक है, जो परीक्षा को तनाव मुक्त बनाने और हमारे परीक्षा योद्धाओं (छात्र-छात्राओं) का समर्थन करने के तरीकों पर चर्चा करने का मौका प्रदान है। मैं इस महीने की 27 तारीख को कार्यक्रम की प्रतीक्षा कर रहा हूं और आप सभी से इसमें भाग लेने का आग्रह करता हूं।

‘परीक्षा पर चर्चा’ के छठे सीजन के लिए पंजीकरण 25 नवंबर से प्रारंभ हुआ और 30 दिसंबर को बंद हो गया था। शिक्षा मंत्रालय के अफसर के मुताबिक, वर्ष 2022 की तुलना में इस साल प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन दोगुने से अधिक हो गए हैं।

पीपीसी-2022 के लिए तकरीबन 15.7 लाख की तुलना में लगभग 38.80 लाख प्रतिभागियों (छात्र- 31.24 लाख, शिक्षक- 5.60 लाख, और माता-पिता- 1.95 लाख) ने पीपीसी-2023 के लिए पंजीकरण  कराया है। शिक्षा मंत्रालय के एक अफसर ने ANI को बताया, “150 से अधिक देशों के छात्रों, 51 देशों के शिक्षकों और 50 देशों के अभिभावकों ने भी पीपीसी-2023 के लिए पंजीकरण कराया है।”