योगी के गन्ना न उगाने वाले बयान पर अखिलेश बोले- सीएम का बयान आग में घी डाल रहा

अखिलेश ने कहा, बात-बात में पाकिस्तान का विरोध करने वाली भाजपा सरकार ने वहां से अरबों रुपयों की चीनी का आयात करके भारत के किसानों को नुकसान पहुंचाया है.

sugarcane-farmers-akhilesh-yadav-yogi-adityanath-bjp
फोटो साभारः Google

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए गन्ने की फसल के अलावा खेतों में और भी फसल उगाने की नसीहत दी थी. उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. अखिलेश ने कहा कि, भाजपा सरकार गन्ना-बकाया न चुकाने से जिस तरह किसानों का विरोध झेल रही है उस आग में अब प्रवचनीय मुख्यमंत्री ने ये बयान देकर घी डाल दिया है कि, गन्ना न उगाएं इससे डायबीटीज बढ़ती है. इससे अच्छा वो एक सलाह अपने मतांध समर्थकों को दें कि वो समाज में हिंसा-नफरत की कड़वाहट न घोलें.

उन्होंने आगे कहा कि, बात-बात में पाकिस्तान का विरोध करने वाली भाजपा सरकार ने वहां से अरबों रुपयों की चीनी का आयात करके भारत के किसानों को नुकसान पहुंचाया है. इससे किसानों की आय बढ़ाने का भी उनका वादा जुमला साबित हुआ है. आक्रोशित किसान अपने गन्ने लेकर 2019 में इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं.

ये भी पढ़ें- गलतफ़हमी दूर कीजिए,एससी-एसटी एक्ट में नहीं है तुरंत गिरफ्तारी

बता दें, सीएम योगी ने कहा था कि, गन्ना किसानों को और भी फैसलें उगानी चाहिए. उन्होने कहा कि ज्यादा गन्ना उगाने से उसकी खपत भी ज्यादा होती है जिससे मधुमेह (शुगर) रोग होता है. बता दें कि योगी आदित्यनाथ एक सड़क उद्घाटन के लिए बागपत पहुंचे हुए थे. जहां भाषण के दौरान उन्होने ये सलाह दी. उन्होने गन्ना किसानों को कहा कि वो गन्ने के अलावा बाकी सब्जियां भी उगाएं क्योंकि उनकी दिल्ली में बड़ी मांग है.