बारिश के खलल के बावजूद पीएम मोदी ने किया योग, महिलाओं संग सेल्फी लेकर बढ़ाया उनका उत्साह

बारिश के खलल के बावजूद पीएम मोदी ने किया योग, महिलाओं संग सेल्फी लेकर बढ़ाया उनका उत्साह

श्रीनगर। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर देश के साथ ही दुनियाभर में सेलिब्रिटीज से लेकर नेता और आम लोग तक योग कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस बार श्रीनगर जाकर योग किया। हालांकि, उनके कार्यक्रम में बारिश ने खलल डाली, लेकिन मोदी योगाभ्यास से विरत नहीं हुए। इस मौके पर मोदी ने उपस्थित लोगों से मुलाकात भी की और महिलाओं के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। योग करने आए लोग भी मोदी को देखकर खूब चहके और तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।

योग दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर योग साधना की भूमि है। उन्होंने कहा कि योग की यात्रा जारी है और इसके प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। मोदी ने कहा कि दुनिया के नेता अब योग की बात करते हैं, इस पर रिसर्च हो रहा है और योग टूरिज्म का नया ट्रेंड भी चला है। मोदी ने कहा कि इसी साल फ्रांस की 101 साल उम्र की महिला योग शिक्षक को पद्मश्री सम्मान दिया गया। वो कभी भारत नहीं आई थीं, लेकिन योग के प्रचार के लिए उन्होंने अपना जीवन लगा दिया। मोदी ने कहा कि ऋषिकेश से काशी और केरल तक देश में योग को पर्यटन के नए ट्रेंड के तौर पर उभरता देख सकते हैं। योग सीखने के लिए दुनियाभर के लोग भारत आ रहे हैं।

मोदी ने कहा कि पिछले साल ही उनको संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने का मौका मिला था। मोदी ने उपस्थित लोगों को जानकारी दी कि उस कार्यक्रम में 130 से ज्यादा देशों के लोगों ने हिस्सा लिया था। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के आयुष विभाग ने योग करने वालों के लिए योग प्रमाणन बोर्ड भी बनाया है। इससे पहले बारिश के कारण मोदी का योग दिवस कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हुआ। पहले योग दिवस कार्यक्रम को श्रीनगर के डल लेक के किनारे होना था और इसमें 7000 लोगों को योगाभ्यास करना था, लेकिन लगातार होती बारिश के कारण कुछ लोगों के साथ ही मोदी ने एसकेआईआईसी हॉल में योग किया।