‘पुलिस ने डॉक्टर के शव को जल्दी जलाने के लिए कहा था’, कोलकाता हत्याकांड मामले में श्मशान घाट के मैनेजर का खुलासा!

‘पुलिस ने डॉक्टर के शव को जल्दी जलाने के लिए कहा था’, कोलकाता हत्याकांड मामले में श्मशान घाट के मैनेजर का खुलासा!

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले में अब पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में आ सकती है। मीडिया की खबरों के मुताबिक कोलकाता के पास पानीहाटी श्मशान घाट के मैनेजर ने कहा है कि कोलकाता पुलिस ने डॉक्टर के शव को जल्दी जलाने के लिए कहा था। श्मशान घाट के मैनेजर ने कहा कि डॉक्टर के शव का तीसरा नंबर था, लेकिन पुलिस के कहने पर पहले अंतिम संस्कार किया गया। मैनेजर के मुताबिक अंतिम संस्कार में स्थानीय विधायक और पार्षद भी मौजूद थे। श्मशान के मैनेजर के हवाले से मीडिया ने खबर दी है कि रेप के बाद जिस डॉक्टर की हत्या की गई, उनके परिवार ने शव को पहले जलाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

इससे पहले रविवार को डॉक्टर के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वो घटना के बाद बहुत दुखी थे। उन्होंने कहा था कि श्मशान घाट पर पहले से ही तीन शव थे, लेकिन उनकी बेटी के शव का पहले अंतिम संस्कार कर दिया गया था। अब श्मशान के मैनेजर ने कहा है कि पुलिस चाहती थी कि पहले डॉक्टर के शव का अंतिम संस्कार हो। ऐसे में कोलकाता पुलिस पर सवाल उठ सकते हैं कि उसने पहले डॉक्टर के शव को जलाने पर जोर क्यों दिया? हालांकि, महिला डॉक्टर के शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप किए जाने की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही उनके शव पर 14 से ज्यादा चोट के निशान भी मिले हैं।

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पीजी कर रही महिला डॉक्टर से 8 और 9 अगस्त 2024 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे रेप किया गया था। जिसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अपने सिविक वॉलेंटियर संजय राय को बतौर आरोपी गिरफ्तार किया था। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। वहीं, मृतक डॉक्टर के साथी आरोप लगा रहे हैं कि रेप और हत्या का काम किसी एक का नहीं। उनका कहना है कि डॉक्टर से गैंगरेप किए जाने की आशंका है। हालांकि, अब तक किसी और आरोपी का नाम सामने नहीं आया है।