2024 में आईटी सेक्टर में ले-ऑफ का तूफान: अब तक 1.35 लाख से ज्यादा लोगों की गई नौकरी

2024 में आईटी सेक्टर में ले-ऑफ का तूफान: अब तक 1.35 लाख से ज्यादा लोगों की गई नौकरी

साल 2024 की शुरुआत ने टेक्नोलॉजी सेक्टर के कर्मचारियों के लिए एक बड़ा झटका दिया है। इस वर्ष अब तक कई सौ कंपनियों ने मिलकर 1 लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों को नौकरी से हटा दिया है। पिछले दो वर्षों की तरह ही इस साल भी बड़े पैमाने पर नौकरी कटौती देखने को मिल रही है।

टेस्ला, अमेज़न, गूगल, टिकटॉक, स्नैप और माइक्रोसॉफ्ट जैसी प्रमुख कंपनियों ने 2024 के पहले कुछ महीनों में ही बड़े ले-ऑफ की घोषणा की है, जिससे टेक्नोलॉजी की दुनिया में हड़कंप मच गया है। छोटे स्टार्टअप्स भी इस झटके से बच नहीं पाए हैं और कई ने अपने ऑपरेशन पूरी तरह से बंद कर दिए हैं।

Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, साल की शुरुआत में ही टेक सेक्टर में बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू हो गई थी, जो अगस्त तक जारी रही। अगस्त 2024 में अकेले 26 हजार से ज्यादा लोगों को नौकरी गंवानी पड़ी है। इस महीने में 40 से अधिक कंपनियों ने छंटनी की, जिसमें इंटेल, सिस्को और आईबीएम जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।

बड़ी कंपनियों में छंटनी का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा। इंटेल ने 15% कर्मचारियों की कटौती का ऐलान किया है, जिससे 15,000 लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा। सिस्को ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 7% की कटौती की है, जिसका असर करीब 6,000 लोगों पर पड़ा। आईबीएम ने चीन में अपने अनुसंधान और विकास केंद्र को बंद करते हुए 1,000 कर्मचारियों की छंटनी की है।

Apple ने भी हाल ही में अपने सेवा प्रभाग से लगभग 100 कर्मचारियों की छंटनी की है, जबकि GoPro और डेल टेक्नोलॉजीज ने क्रमशः 15% और 10% कर्मचारियों की कमी की है, जिससे 2024 के अंत तक कई और लोगों को नौकरी गंवानी पड़ सकती है।

अंकड़ों की बात करें तो:
– जनवरी 2024: 34,107 कर्मचारियों की छंटनी
– फरवरी 2024: 15,639 कर्मचारियों की छंटनी
– मार्च 2024: 7,403 कर्मचारियों की छंटनी
– अप्रैल 2024: 22,423 कर्मचारियों की छंटनी
– मई 2024: 11,011 कर्मचारियों की छंटनी
– जून 2024: 10,083 कर्मचारियों की छंटनी
– जुलाई 2024: 9,051 कर्मचारियों की छंटनी
– अगस्त 2024: 26,024 कर्मचारियों की छंटनी