दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12,000 अस्थायी कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को घोषणा की कि MCD के 12,000 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा। यह फैसला 25 फरवरी को होने वाली MCD सदन की बैठक में मंजूर किया जाएगा।
आतिशी और मेयर महेश खींची ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
आतिशी ने मेयर महेश खींची के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि MCD के इतिहास में यह सबसे बड़ा निर्णय होगा। आतिशी ने कहा, “हमने MCD के कच्चे कर्मचारियों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने जा रहे हैं। देश के इतिहास में किसी भी सरकार ने इतना बड़ा फैसला नहीं लिया, जो आज अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में MCD की AAP सरकार लेने जा रही है।”
8 फरवरी के चुनाव के बाद भी AAP का MCD पर कब्जा
8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार की विदाई हो गई, लेकिन दिल्ली नगर निगम में अभी भी AAP सत्ता पर काबिज है। आतिशी ने दावा किया कि 4,000 कच्चे कर्मचारियों को पहले ही स्थायी किया जा चुका है।
आतिशी ने क्या कहा?
आतिशी ने कहा, “आम आदमी पार्टी कच्चे कर्मचारियों को स्थायी करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिस दिन से आम आदमी पार्टी बनी है, वादा रहा है कि सरकारी विभागों में जो कच्चे कर्मचारी काम कर रहे हैं, उन्हें AAP सरकार स्थायी करेगी। इसी के तहत पंजाब में AAP सरकार ने कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे टीचर्स को स्थायी किया जा रहा है। दिल्ली में MCD में AAP सरकार साढ़े 4 हजार सफाई कर्मचारियों को स्थायी कर चुकी है।”
मेयर महेश खींची ने क्या कहा?
मेयर महेश खींची ने कहा, “आम आदमी पार्टी जब से सत्ता में आई है, जो वादे किए वह सभी पूरे किए हैं। निगम में जो बोला वो पूरा किया है। 25 तारीख को 12 हजार कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा। जो वादा किया उसको पूरा करने जा रहे हैं। इससे पहले हमने 4,500 कर्मचारियों को स्थायी किया था। अब 25 तारीख को 12,000 कर्मचारियों को स्थायी किया जाएगा।”
कर्मचारियों के लिए क्या बदलेगा?
MCD के अस्थायी कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ा तोहफा है। कच्चे कर्मचारी को केवल रोज की दिहाड़ी मिलती है, जबकि नियमित कर्मचारी को वेतन आयोग के हिसाब से न केवल वेतन बल्कि बोनस, GPF, ग्रेच्युटी, मेडिकल और रिटायरमेंट के फायदे भी मिलते हैं। इसमें सभी विभाग के सफाई कर्मचारी, माली, बेलदार, टीचर्स, इंजीनियरिंग विभाग में जेईई, डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर जैसे कच्चे कर्मचारी शामिल हैं।