बिहार के डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने 3 मार्च को विधानसभा में 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट पिछले साल के मुकाबले 38,169 करोड़ रुपये ज्यादा है। यह बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार का आखिरी बजट भी है।
सम्राट चौधरी ने अपने बजट भाषण में कहा, “बिहार के विकास के लिए सरकार की कोशिशों को जनता ने सराहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन हमें मिल रहा है।” इस बजट में महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास समेत कई क्षेत्रों के लिए बड़े ऐलान किए गए हैं। खासकर प्रवासी बिहारियों और महिलाओं के लिए कई नई योजनाओं का ऐलान किया गया है।
बिहार बजट 2025 की बड़ी घोषणाएं
शिक्षा और छात्रवृत्ति में बड़ा बदलाव
- बिहार सरकार ने स्कॉलरशिप की राशि को दोगुना करने का ऐलान किया है।
- अति पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए मैट्रिक और इंटरमीडिएट की फीस भी दोगुनी कर दी जाएगी।
- एससी-एसटी, पिछड़े और अति पिछड़े छात्रों के लिए प्रोत्साहन राशि में भी इजाफा होगा।
- शिक्षा के लिए कुल 60,964 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
प्रवासी बिहारियों के लिए राहत भरी खबर
- देश के कई बड़े शहरों में प्रवासी बिहारियों की मदद के लिए Migration Counselling cum Registration Centres खोले जाएंगे। ये केंद्र हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली एनसीआर, कोलकाता, गुवाहाटी, सूरत, लुधियाना, कोयम्बटूर और चेन्नई में स्थापित किए जाएंगे।
- इन केंद्रों से प्रवासी मजदूरों को रोजगार, शिक्षा और कानूनी सहायता मिलेगी।
महिलाओं के लिए सरकार के बड़े फैसले
- राज्य में पिंक शौचालय बनाए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सुविधा बढ़ेगी।
- पटना में महिला बाजार खोला जाएगा, जहां महिलाओं को विशेष रूप से व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा।
- महिला जिम खोली जाएंगी, जहां महिला ट्रेनर होंगी।
- पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें महिला ड्राइवर और कंडक्टर होंगे।
- ई-रिक्शा खरीदने के लिए महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी।
- महिला टूरिस्ट गाइड की नियुक्ति होगी, जिससे पर्यटन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
- कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे।
- सरकार रिकॉर्ड संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती करने जा रही है। महिला कांस्टेबलों को थाने के पास ही आवास दिए जाएंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली प्राथमिकता
- बिहार सरकार बेगूसराय में कैंसर अस्पताल बनाएगी।
- कैंसर रोगियों के लिए विशेष देखभाल केंद्र स्थापित किया जाएगा।
- स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सरकार ने 20,335 करोड़ रुपये का बजट दिया है।
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को बूस्ट
- पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण जल्द शुरू होगा और अगले तीन महीने में फ्लाइट शुरू हो जाएगी।
- राजगीर, सुल्तानगंज, रक्सौल, मधुबनी समेत कुल 8 नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
- बिहार सरकार का लक्ष्य 2027 तक राज्य के किसी भी कोने से चार घंटे में पटना पहुंचने की सुविधा देना है।
अन्य बड़े ऐलान
- भागलपुर में एक और हाइब्रिड डॉपलर रडार लगाया जाएगा।
- बाजार समितियों को मजबूत करने के लिए सरकार नई योजनाएं लाएगी।
- सभी प्रखंडों में सब्जी उत्पादन समिति का गठन होगा।
- कन्या विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा, जिससे गरीब लड़कियों की शादी में मदद मिल सके।
- ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा और विकास के लिए भारी निवेश किया जाएगा।
बिहार सरकार का यह बजट चुनाव से पहले जनता को राहत देने और राज्य के विकास को रफ्तार देने वाला साबित हो सकता है। अब देखना होगा कि इन योजनाओं को जमीन पर लाने में सरकार कितनी सफल होती है।