उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। ये वाकया बुधवार को नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान हुआ, जब उपराष्ट्रपति मंच से उतरते वक्त अचानक बेहोश हो गए। उनकी मेडिकल टीम ने तुरंत हरकत में आकर उन्हें राहत दी, जिसके बाद वह ठीक हो गए और राजभवन के लिए रवाना हुए।
भावुक पल में बिगड़ी तबीयत
दरअसल, उपराष्ट्रपति धनखड़ समारोह में भाषण देने के बाद मंच से नीचे उतरे। इस दौरान वह अपने पुराने संसदीय सहयोगी महेंद्र सिंह पाल से मिले। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और ये भावुक पल था। लेकिन इसी बीच उपराष्ट्रपति अचानक पाल के कंधों पर ही बेसुध हो गए। मेडिकल टीम ने फौरन पहुंचकर उनकी हालत संभाली और उन्हें होश में लाया।
उत्तराखंड दौरे का पहला दिन
ये घटना उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे के पहले दिन हुई। धनखड़ 25 से 27 जून तक तीन दिन के नैनीताल दौरे पर हैं। उनके कार्यालय की विज्ञप्ति के मुताबिक, 25 जून को कुमाऊं विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया और छात्रों-शिक्षकों को संबोधित किया। 27 जून को वह शेरवुड कॉलेज के 156वें स्थापना समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान वह नैनीताल के राजभवन में भी रुकेंगे।
गर्मजोशी से हुआ स्वागत
नैनीताल पहुंचने पर उपराष्ट्रपति का भव्य स्वागत हुआ। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना और एसएसपी प्रहलाद नारायण मीना समेत कई गणमान्य लोग उनके स्वागत में मौजूद थे।




/newsnation/media/media_files/2026/03/06/sanju-samson-records-against-new-zealand-2026-03-06-15-39-33.jpg)

