भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने सभी यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। इसका ऐलान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारतीय रेलवे के सभी 74,000 डिब्बों और 15,000 इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है।
यह महत्वपूर्ण निर्णय शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा उत्तर रेलवे में प्रायोगिक तौर पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के लाभों की समीक्षा के बाद लिया गया। मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, यात्री गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे मुख्य रूप से दरवाजों के पास, सामान्य आवागमन वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे
प्रत्येक डिब्बों में चार कैमरे एवं इंजन में छह कैमरे लगाए जाएंगे। उत्तर रेलवे के कुछ इंजनों एवं डिब्बों में इसका परीक्षण किया जा चुका है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की। रेल मंत्री ने सभी 74 हजार डिब्बों एवं 15 हजार इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनुमति दे दी है।
कैमरा और माइक्रोफोन लगेगा
प्रत्येक रेल डिब्बे में चार डोम सीसीटीवी कैमरे, प्रत्येक दरवाजे पर दो एवं प्रत्येक इंजन में छह सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इंजन के आगे-पीछे और दोनों तरफ एक-एक कैमरा लगेगा। प्रत्येक केबिन (आगे-पीछे) में एक डोम सीसीटीवी कैमरा और डेस्क पर दो माइक्रोफोन लगाए जाएंगे।
रेल मंत्री ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि सभी कैमरे नए मानकों वाले होने चाहिए, ताकि सौ किमी प्रति घंटे से अधिक गति और कम रोशनी की स्थिति में चलने वाली ट्रेनों में भी उच्च गुणवत्ता वाले फुटेज उपलब्ध हो सके।
डिब्बों के सामान्य आवागमन क्षेत्रों में कैमरे लगाने का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा प्रबंध में सुधार लाना है। निजता का ध्यान रखते हुए ये कैमरे शरारती तत्वों की पहचान करने में भी मदद करेंगे।
ट्रेन में सीसीटीवी लगाने के फायदे
बता दें कि भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक है। भारतीय रेलवे प्रतिदिन औसतन 13,000 से अधिक यात्री ट्रेनें संचालित करता है, जिसमें मेल/एक्सप्रेस, पैसेंजर और उपनगरीय ट्रेनें शामिल हैं। भारतीय रेलवे से प्रतिदिन लगभग 2.4 करोड़ यात्री सफर करते हैं।
सीसीटीवी कैमरे चोरी, छेड़छाड़, उत्पीड़न और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद करते हैं। आपात स्थिति जैसे चिकित्सा आपातकाल, आग या कोई दुर्घटना होने पर सीसीटीवी फुटेज घटना की स्थिति को समझने और अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में मदद कर सकता है।



