उत्तर प्रदेश में बिजली संकट पर बिफरे अखिलेश यादव, कहा- यूपी में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर फुंक गया है

उत्तर प्रदेश में बिजली संकट पर बिफरे अखिलेश यादव, कहा- यूपी में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर फुंक गया है

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर “राज्य की बिजली व्यवस्था को बर्बाद” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर फुंक गया है.” उन्होंने दावा किया कि “राज्य में बिजली नहीं है, सिर्फ बिजली के बिल आ रहे हैं, और ये बेतहाशा बिल जनता की जेबें खा रहे हैं.”

अखिलेश यादव ने एक बयान में कहा, “भाजपा सरकार ने राज्य की बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है. उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर फुंक गया है, मंत्रियों और अफसरों के बीच तार टूट गए हैं, और परेशान जनता के बीच सरकार पर भरोसे के स्तंभ उखड़ गए हैं.”

यादव ने आरोप लगाया, “जनता के गुस्से का मीटर तेज़ी से बढ़ रहा है. उत्पादन का पहिया जाम है, संचार व्यवस्था बाधित है, और वितरण के नाम पर भ्रष्टाचार की कमाई का बंदरबांट हो रहा है.”

बिजली कटौती से लोग हैं परेशान, अखिलेश का आरोप

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए जो काम पहले किया था, भाजपा सरकार ने “नौ सालों में उसे बर्बाद कर दिया है.” यादव ने आगे कहा कि पूरे प्रदेश की जनता अघोषित बिजली कटौती से परेशान है. सरकार किसानों को सिंचाई के लिए भी बिजली नहीं दे पा रही है. उन्होंने कहा कि बड़े शहरों और जिला मुख्यालयों में भी बिजली का भारी संकट है.

अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ के विभिन्न इलाकों में घंटों बिजली कटौती हो रही है. आम आदमी, व्यापारी, छात्र और हर कोई बिजली कटौती से परेशान है. सरकार को तब तक होश नहीं आता जब-तक लोग उपकेंद्रों पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन नहीं करते. जब राजधानी लखनऊ के लोग बिजली के लिए धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं, तो कल्पना ही की जा सकती है कि प्रदेश के अन्य जिलों और ग्रामीण इलाकों में हालात कितने बुरे होंगे.”

भाजपा सरकार में नहीं बढ़ा बिजली का उत्पादन

सपा प्रमुख ने दावा किया कि “भाजपा सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में एक यूनिट भी बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया.” यादव ने कहा, “आज उत्तर प्रदेश में जो भी बिजली उपलब्ध है, वह समाजवादी सरकार के दौरान बने बिजली संयंत्रों से ही मिल रही है.”

उन्होंने आरोप लगाया, “हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार है. प्रदेश में बिजली चेकिंग के नाम पर किसानों, व्यापारियों और आम जनता से जबरन वसूली की जा रही है. बिजली को लेकर भाजपा सरकार चौतरफा विरोध का सामना कर रही है. कई जगहों पर ऊर्जा मंत्री का घेराव किया गया है. सरकार का विरोध हो रहा है.”