नोएडा में PM मोदी के 75वें जन्मदिन पर ‘पुश-अप इंडिया अभियान’ की धमाकेदार शुरुआत

नोएडा में PM मोदी के 75वें जन्मदिन पर ‘पुश-अप इंडिया अभियान’ की धमाकेदार शुरुआत

नोएडा के ‘राम-राम वैलनेस क्लब’ ने PM नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। 17 सितंबर को शुरू हुआ ‘पुश-अप इंडिया अभियान’ फिटनेस और स्वस्थ भारत का मंत्र लेकर आया है। इस अभियान में क्लब के मेंबर्स 108 दिन तक हर दिन 108 अलग-अलग स्टाइल में पुश-अप्स लगाएंगे। हर पुश-अप के साथ ‘राम-राम’ का जाप होगा और आखिर में 108 पुश-अप्स की पुष्पमाला भगवान श्री राम को अर्पित करके PM मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की जाएगी।

स्वस्थ भारत, सशक्त भारत का मिशन

‘राम-राम वैलनेस क्लब’ के पीछे नोएडा के प्रोफेशनल युवाओं की टोली है, जो फिटनेस के साथ-साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण का जज्बा जगाना चाहती है। अभियान के संयोजक मनोज शर्मा, जो एक आईटी कंपनी के डायरेक्टर हैं, ने बताया, “हमारा मकसद है कि लोग फिट रहें, तन और मन से स्वस्थ रहें। अगर परिवार, समाज और देश को समृद्ध करना है, तो सबसे पहले हमें खुद को फिट रखना होगा। PM मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘स्वस्थ भारत’ मिशन से प्रेरित होकर हमने ये पहल शुरू की।”

PM मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ अभियान

PM मोदी ने स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर कई बड़े कदम उठाए हैं। ‘प्रिकॉशन इज बेटर दैन क्योर’ का मंत्र देते हुए उन्होंने न सिर्फ मेडिकल सुविधाओं को मजबूत किया, बल्कि बीमारियों से बचाव और जागरूकता पर भी जोर दिया। योग और एक्सरसाइज को हर भारतीय की जिंदगी का हिस्सा बनाने का उनका आह्वान पूरी दुनिया में गूंजा, जिसके चलते 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली।

मनोज शर्मा ने चिंता जताई कि खराब लाइफस्टाइल की वजह से भारत में कैंसर, डायबिटीज, हार्ट और लिवर-किडनी की बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। “हमारी आबादी का एक बड़ा हिस्सा बीमारियों से जूझ रहा है, जो यूरोप के कई देशों की आबादी जितना है। सिर्फ अस्पताल बढ़ाने से काम नहीं चलेगा, हमें अपनी लाइफस्टाइल बदलनी होगी। आयुर्वेद कहता है- ‘आरोग्यम् परमं धनम्’, यानी स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है।”

PM मोदी की ऊर्जा से प्रेरणा

अभियान के सह-संयोजक और पॉलिटिकल एनालिस्ट गिरीश पाण्डेय ने कहा, “75 साल की उम्र में भी PM मोदी की एनर्जी और लाइफस्टाइल हमें इंस्पायर करती है। उम्र सिर्फ एक नंबर है, असल में आपका ‘एनर्जी मीटर’ क्या कहता है, ये मायने रखता है। हमारे देश में ऋषि-मुनि लंबी उम्र तक स्वस्थ रहने के लिए जाने जाते थे। हमें उस ताकत को फिर से जगाना होगा।”

सेवा पखवाड़ा और स्वस्थ भारत

वरिष्ठ मीडियाकर्मी और अभियान के मेंबर प्रशांत गुप्ता ने कहा, “भारत में ‘सेवा पखवाड़ा’ अब एक उत्सव जैसा बन गया है। ये हमें सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करता है। ये सब मिलकर हमें ‘विकसित भारत’ की ओर ले जाएगा।”

पार्कों और स्कूलों में पुश-अप्स की धूम

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘राम-राम वैलनेस क्लब’ नोएडा के पार्कों और स्कूलों में जाकर पुश-अप्स प्रतियोगिताएं और जागरूकता प्रोग्राम्स आयोजित करेगा। मनोज शर्मा का कहना है, “PM मोदी के जन्मदिन पर हमने भारत को और ऊंचा ले जाने का संकल्प लिया है। पुश-अप्स लगाइए, फिट रहिए और ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ के मिशन में हिस्सा लीजिए। अपने स्तर पर कुछ न कुछ अच्छा जरूर कीजिए।”