बिहार चुनावी सरगर्मी: धर्मेंद्र प्रधान का जनसंपर्क, BJP-JDU का NDA पर भरोसा, INDIA गठबंधन ने बूथ रणनीति बनाई

बिहार चुनावी सरगर्मी: धर्मेंद्र प्रधान का जनसंपर्क, BJP-JDU का NDA पर भरोसा, INDIA गठबंधन ने बूथ रणनीति बनाई

बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को राजधानी के कई मुहल्लों में पहुंचे और घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनसे खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान भी किया. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राजधानी के आदर्श चौक, पश्चिमी पटेल नगर, दीघा विधानसभा में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया.

धर्मेंद्र प्रधान ने इस दौरान कहा कि जनसंपर्क के दौरान मिले अपार स्नेह और समर्थन से यह स्पष्ट है कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सशक्त नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है. इस मौके पर पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और विधान पार्षद और राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख भी शामिल रहे.

महज चुनावी नाटक है राजद का अतिपिछड़ा सम्मेलन : बीजेपी

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने राजद द्वारा आयोजित कर्पूरी अतिपिछड़ा सम्मेलन को ‘चुनावी नाटक ‘ करार दिया. उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग किसी भी समाज के हितैषी नहीं हैं. इनकी सारी कवायद एक परिवार तक सिमटी हुई है. आज तेजस्वी यादव जिन कर्पूरी ठाकुर के नाम पर सम्मेलन कर सुर्खियां बटोरने की जुगत में जुटे हैं. उनके पिता लालू प्रसाद, कर्पूरी ठाकुर को उनके जीवनकाल में अपमानित करते रहे. सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने कर्पूरी ठाकुर को वास्तविक सम्मान भी दिया और उनकी सोच को धरातल पर भी उतारा है.

मोदी हैं तो देश सुरक्षित, नीतीश हैं तो बिहार का भविष्य सुरक्षित- जदयू

शनिवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय छात्र जदयू द्वारा छात्र संवाद सह कमिटी विस्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सभी ने 2025 में 225 – फिर से नीतीश के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प दोहराया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललन कुमार सर्राफ ने तेजस्वी यादव द्वारा कलम फेंकने पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि माता सरस्वती का अपमान वही कर सकता है, जिसका शिक्षा से कोई वास्ता न रहा हो.नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे बिहार को अपना परिवार मानते हैं और उनकी एक ही इच्छा है कि बिहार का हर युवा पढ़-लिखकर देश-दुनिया में नाम रोशन करे।

इंडिया गठबंधन के ‘चुनाव आयोग एवं कानून सम्बंधी उपसमिति’ की बैठक

राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में इंडिया गठबंधन के चुनाव आयोग एवं कानूनी मामलों की समिति की बैठक संयोजक चितरंजन गगन की अध्यक्षता में हुई. बैठक में कांग्रेस से संजय कुमार पांडेय, राजद से मुकुंद सिंह, प्रमोद कुमार राम व मदन शर्मा, माले से कुमार परवेज़ और सीपीआई से उदय प्रताप सिंह शामिल थे. बैठक में बूथ स्तर पर इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति तत्काल गठित करने का निर्णय किया गया ताकि मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद उसकी सही से जांच पड़ताल हो सके और फर्जी वोटरों को पकड़ा जा सके. यह भी तय हुआ कि विधानसभा स्तर पर तत्काल वार रूम की स्थापना की जाए जिसमें इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के सदस्य रहे ताकि पूरी चुनाव प्रक्रिया में किसी को गड़बड़ी करने का मौका न मिल सके.

सता के लिए बेचैन तेजस्वी, केवल झूठे वायदे कर रहे: बीजेपी

तेजस्वी यादव की राजनीति अब पूरी तरह सत्ता के लोभ और कुर्सी की भूख पर केंद्रित हो चुकी है. जनता के सवालों पर बोलने के बजाय वे सिर्फ़ सत्ता हासिल करने की जुगत में लगे रहते हैं. उनकी बेचैनी साफ दिखाती है कि बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया है और अब वे किसी भी तरह से सत्ता में आने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। यह बातें बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने शनिवार को कही। पटेल ने कहा कि तेजस्वी यादव को न विकास की चिंता है, न युवाओं के रोजगार की. यही कारण है कि आज वे झूठे वादे और खोखले भाषणों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब मूर्ख नहीं है, उसने राजद के भ्रष्टाचार और जंगलराज का असली चेहरा देख लिया है.

पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने महिलाओं को दिया उपहार : बीजेपी

बिहार भाजपा की महामंत्री लाजवंती झा ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि नवरात्र के मौके पर पीएम मोदी और मुख्यमंत्री ने बिहार की 75 लाख महिलाओं को उपहार दिया है. प्रदेश कार्यालय में शनिवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए लाजवंती झा ने कहा कि यह पहला मौका है जब बिहार की बहनों को इतने बड़े स्तर पर स्वरोजगार के लिए राशि का भुगतान किया गया है. उन्होंने बताया कि फिलहाल 75 लाख बहनों को 10-10 हजार रुपये की राशि दे दी गई है, जो बहनें बची हैं उन्हें तीन अक्टूबर को राशि दी जाएगी.

नीतीश कुमार की योजनाओं की फाॅलोअर है आरजेडी-कांग्रेस – जद (यू)

जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. अनुप्रिया यादव एवं मीडिया पैनलिस्ट पूजा पैट्रिक ने संयुक्त तौर पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के मोतिहारी में दिए बयान पर तीखा हमला बोला और कहा कि महिलाओं का सम्मान कभी भी रुपए-पैसे से नहीं तौला जा सकता. बिहार की महिलाएं सम्मान गिरवी नहीं रखतीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता से जीती हैं. उन्होंने कहा कि सच्चाई ये है कि आरजेडी और कांग्रेस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार की योजनाओं की फोलाॅअर है.

अतिपिछड़ा समाज टस से मस नहीं होने वाला – जदयू

बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने राजद द्वारा आयोजित कर्पूरी अतिपिछड़ा अधिकार संवाद को अतिपिछड़ा समाज को भ्रमित करने का एक विफल राजनीतिक प्रयास बताया. उन्होंने कहा कि राजद का राजनीतिक अतीत हमेशा जननायक कर्पूरी ठाकुर का अपमान करने वाला रहा है, और आज वही लोग केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए अधिकार संवाद का दिखावा कर रहे हैं. कुशवाहा ने चुनौती दी कि इधर-उधर की बातें करने के बजाय तेजस्वी यादव यह बताएं कि उनके माता-पिता ने 15 वर्षों के शासनकाल में अतिपिछड़ा समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौन-से ठोस कदम उठाए? तेजस्वी यादव चाहे कितने भी राजनीतिक हथकंडे अपनाएं, लेकिन अतिपिछड़ा समाज को टस से मस नहीं कर पाएंगे.