IND vs WI, 1st Test: टीम इंडिया की पारी और 140 रनों से धमाकेदार जीत, जडेजा का ऑलराउंड जलवा

IND vs WI, 1st Test: टीम इंडिया की पारी और 140 रनों से धमाकेदार जीत, जडेजा का ऑलराउंड जलवा

IND vs WI, 1st Test Match: इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज को बराबर करने के बाद भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में शानदार जीत दर्ज की. अहमदाबाद में खेले गए इस टेस्ट मैच के तीसरे दिन ही मेहमान टीम का बोरिया-बिस्तर बंध गया. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ न तो बल्लेबाजी में ही कमाल कर पाए और न ही गेंदबाजी में. इस दौरान टीम इंडिया की ओर से 3 खिलाड़ियों ने शतक ठोके, वहीं वेस्टइंडीज के बल्लेबाज एक फिफ्टी भी नहीं लगा पाए. वो भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक ही नहीं पाए और उन्हें इस टेस्ट मैच में एक पारी और 140 रनों हार झेलनी पड़ी.

फ्लॉप रही वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी

टीम इंडिया के खिलाफ वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी दोनों ही पारियों में पूरी तरह से फ्लॉप रही. पहली पारी में मेहमान टीम केवल 162 रन पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने अपनी पारी 5 विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित कर दी. 286 रनों से पिछड़ने बाद वेस्टइंडीज की टीम से दूसरी पारी में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गई.

दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की टीम तीसरे दिन दूसरे सेशन के अंदर ही केवल 146 रन बनाकर आउट हो गई. इस तरह भारतीय टीम ने उसे पहले टेस्ट मैच में पारी और 140 रनों से हराकर सीरीज में बढ़त बना ली है. वेस्टइंडीज की ओर से एलिक अथानाजे ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए. जस्टिन ग्रेव्स ने 25 रनों की पारी खेली. जाइडन सेल्स ने 22 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज टिक नहीं पाया.

टीम इंडिया ने की शानदार गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को इस टेस्ट मैच में खुलकर खेलने नहीं दिया. दोनों पारियों में मेहमान टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना पाया. दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज को 3 विकेट मिला. कुलदीप यादव ने 2 विकेट चटकाए.

इस टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा ने गेंद और बल्ले दोनों शानदार प्रदर्शन किया. पहले उन्होंने नाबाद 104 रनों की शतकीय पारी खेली और फिर 4 विकेट लेकर वेस्टइंडीज को दूसरी पारी को जल्द ही समेट दिया.