‘I Love Muhammad’ विवाद पर बोले मौलाना अरशद मदनी – नबी से मोहब्बत बाजार में नहीं, आचरण से दिखाएं

‘I Love Muhammad’ विवाद पर बोले मौलाना अरशद मदनी – नबी से मोहब्बत बाजार में नहीं, आचरण से दिखाएं

देश के कई राज्यों में ‘I Love Muhammad’को लेकर काफी समय से बवाल मचा हुआ है. कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए गए, इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़पें भी हुईं. इस मामले पर जमकर राजनीति भी हो रही है. इस बीच जमीयत उलमा-ए-हिन्द के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी का बयान सामने आया है. उनका कहना है कि मुसलमान बाजार में ‘I Love Muhammad’ का प्रदर्शन करने के बजाय अपने आचरण और चरित्र से नबी करीम से मोहब्बत का इजहार करें.

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आयोजित तहफ़्फ़ुज़ ख़त्म-ए-नुबुव्वत कॉन्फ़्रेंस में लोगों को संबोधित करते हुए मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि बाजारों में ‘I Love Muhammad’ लिख देना सच्ची मोहब्बत नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर मोहब्बत है तो नबी की सीरत को अपने दिल में उतारो. मदनी ने कहा कि देश की स्थिति और तरह-तरह के भटकाव वाले फितनों सहित तमाम समस्याओं का हल नबी आख़िरुज़्ज़मां हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा साहब की सीरत-ए-मुबारका में मौजूद है.