बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए बंपर जीत की ओर बढ़ रही है. अभी तक आए रुझानों में नीतीश कुमार की जेडीयू, बीजेपी और चिराग पासवान की एलजेपी-आर करीब 200 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है. नतीजों का फाइनल आंकड़ा सामने आने में कुछ वक्त लगेगा, लेकिन उससे पहले जीत से गदगद जेडीयू ने बड़ा ऐलान कर दिया है. जेडीयू ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनना का ऐलान कर दिया है जबकि बीजेपी की ओर से सीएम को लेकर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है. नतीजों में बीजेपी का प्रदर्शन जेडीयू से बेहतर नजर आ रहा है.
जेडीयू ने ट्वीट कर कहा है, ‘न भूतो न भविष्यति.. नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे.’ जेडीयू ने ट्वीट कर चुनाव नतीजों से पहले ही एक तरह से संदेश देने की भी कोशिश की है कि एनडीए में भले ही बीजेपी बीस रहे, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं. इस बार के चुनाव में जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ी थी. सीटों पर दोनों बराबर के हिस्सेदार थे, लेकिन नतीजों में बीजेपी जेडीयू से आगे निकलती दिख रही है. हालांकि, अंतर 8-10 सीटों का ही नजर आ रहा है. हालांकि, जेडीयू ने थोड़ी देर बाद अपना ये ट्वीट डिलीड कर दिया है, लेकिन उसका स्क्रीन शॉट हम आपको दिखा रहे हैं.




