गुजरात के नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की. इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय गौरव हजारों वर्षों से हमारे भारत की चेतना का अभिन्न हिस्सा रहा है. अगर आदिवासी समाज की बात की जाए तो इनका गौरव इतिहास रहा है. स्वतंत्रता आंदोलन में ट्राइबल (आदिवासी) समाज के योगदान को हम भुला नहीं सकते हैं. वहीं इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 14 आदिवासी जिलों के लिए 250 बसों को हरी झंडी दिखाई.
इससे पहले, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की. डेडियापाडा में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत किया गया. पीएम मोदी ने आगे कहा कि कहा कि आज मां नर्मदा की ये पावन धरती आज एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बन रही है. 2021 में हमने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी. अभी 31 अक्टूबर को हमने यहां सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई.



