बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद NDA में सरकार गठन की तैयारी चल रही है. दिल्ली से लेकर पटना तक बैठकों का दौर चल रहा है. स्पीकर से लेकर मंत्रियों के नाम फाइनल किए जा रहे हैं. इस बीच, जानकारी सामने आई है कि विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर बीजेपी और जेडीयू में खींचतान है.
दोनों पार्टियां स्पीकर पद अपने पास चाहती हैं. इसपर बातचीत के लिए जेडीयू नेता संजय झा और ललन सिंह दिल्ली पहुंचे हैं. गृह विभाग को लेकर भी विवाद है. वित्त विभाग पर भी दोनों दलों की दावेदारी है. हालांकि शपथ ग्रहण के पहले दिल्ली में इस खींचतान को सुलझाने की कोशिश की जा रही है.
गांधी मैदान में शपथग्रहण
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह के अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से ही सत्ता संरचना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है और सूत्रों के अनुसार नई सरकार की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है.
शपथ ग्रहण समारोह की संभावित तारीख भी सामने आ गई है. नीतीश कुमार की अगुवाई में नई सरकार गुरुवार 20 नवंबर को शपथ ग्रहण समारोह होगा.



