अयोध्या में 25 नवंबर को राम मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राम जन्मभूमि परिसर में ध्वजारोहण की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री राम जन्मभूमि परिसर में करीब 2 घंटे तक मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन को लेकर जिला प्रशासन और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से गई तमाम तैयारियों का जायजा लिया.
यहीं नहीं ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान राम जन्मभूमि परिसर में जहां-जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाना है और दर्शन-पूजन करना है. उन सभी मंदिरों और स्थानों पर सीएम योगी ने पहुंच कर पूरी तैयारियों की रूपरेखा को गंभीरता से जांचा और परखा. बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण में आमंत्रित मेहमानों को कोई भी असुविधा न हो इसको लेकर विशेष बल देकर निर्देशित किया है.
पुलिसकर्मियों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग
इस बैठक में जिला प्रशासन और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे. अयोध्या पुलिस ने अब इसको लेकर एक विशेष तैयारी शुरू कर दी है. यूपी पुलिस के करीब 500 से अधिक जवानों को विशेष ट्रेनिंग राम जन्मभूमि परिसर में दी जा रही है. यह ट्रेनिंग गुरुवार से जन्मभूमि परिसर में आरंभ कर दी गई है. इनको विशेष तरीके से ट्रेंड किया जा रहा. ध्वजारोहण के दौरान राम जन्मभूमि परिसर में देश के विशिष्ट तथा अति विशिष्ट अतिथियों का एक स्थान पर जमावड़ा होगा.

राम जन्मभूमि परिसर में ट्रेनिंग
इस दौरान मेहमानों को बेहतर सुरक्षा का वातावरण महसूस हो, इसको लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, और कांस्टेबल के साथ-साथ महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी. इन पुलिस कर्मियों को विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है. सभी पुलिस कर्मी वेल ट्रेंड और सूट बूट में नजर आएंगे. राम जन्मभूमि परिसर के एसपी सुरक्षा बलरामा चारी दुबे और एएसपी देवेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में इन सभी सुरक्षा कर्मियों का प्रशिक्षण राम जन्मभूमि परिसर में चल रहा है.
भौगोलिक स्थिति से कराया जा रहा अवगत
इन सभी सुरक्षा कर्मियों को राम जन्मभूमि परिसर के भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया जा रहा है. इसके साथ ही आपातकाल की स्थिति पर किस तरह से निपटना है, उसकी भी ट्रेनिंग दी जा रही है. सभी पुलिस कर्मियों को राम जन्मभूमि परिसर के हर हिस्से में विजिट कराया गया है. राम जन्मभूमि के एसपी सुरक्षा बलरामा चारी दुबे ने बताया कि 25 नवंबर को ध्वजारोहण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए आईजी और एसएसपी साहब के द्वारा पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए हम लोगों निर्देश दिए गए थे.
प्रथम चरण में हम लोगों ने पुलिस कर्मियों को लाइन में बैठाकर और राम मंदिर के आस पास जहां पर पर उनकी ड्यूटी लगेगी वहां पर किस तरह के ड्यूटी उनको करनी है, उसके बारे में ब्रीफ किया है. रिहर्सल किया गया है, उनका ड्रेस कोड अलग है, ताकि वह अलग दिखे.



