महाराष्ट्र: बीजेपी मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कांग्रेस नेता असलम शेख पर धमकी देने का आरोप लगाया, रविवार को विरोध मार्च

महाराष्ट्र: बीजेपी मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कांग्रेस नेता असलम शेख पर धमकी देने का आरोप लगाया, रविवार को विरोध मार्च

महाराष्ट्र में आगामी नगर निकाय चुनाव (BMC) को लेकर सियासत जारी है. सूबे में बीजेपी और कांग्रेस के बीच लगातार जुबानी हमले किए जा रहे हैं. चुनाव को देखते हुए दोनों ही पार्टियां राजनीति करने का कोई मुद्दा हाथ से नहीं जाने दे रही हैं. इस बीच महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री बीजेपी नेता मंगल प्रभात लोढ़ा ने कांग्रेस विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री असलम शेख के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

दरअसल हाल ही में बीजेपी नेता मंगल प्रभात लोढ़ा ने कांग्रेस विधायक और पूर्व केबिनेट मंत्री असलम शेख के मालाड मालवणी इलाके में चल रहे अवैध निर्माण और बांग्लादेशी मुस्लिमों को बसाने का आरोप लगाया था, जिस पर कांग्रेस नेता ने पलटवार करते हुए कहा कि जो गरीबों का घर उजाड़ेगा उसे गरीब उजाड़ देंगे. ये बात उन्होंने एक पब्लिक मीटिंग के दौरान कही.

कांग्रेस नेता पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

कांग्रेस नेता के इस बयान के खिलाफ मंगल प्रभात लोढ़ा ने धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए असलम शेख के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. इस बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध किया, तो वहीं कांग्रेस भी प्रदर्शन पर उतर आई.

बीजेपी करेगी विरोध प्रदर्शन

मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष अमित साटम ने असलम शेख के खिलाफ निजी बयान दिया. जिसके बाद आज (शनिवार, 22 नवंबर) को कांग्रेसियों ने अमित साटम के घर पर विरोध प्रदर्शन किया. तो वहीं अब कल रविवार को बीजेपी विरोध मार्च निकालने जा रही रही है. असलम शेख के खिलाफ बीजेपी के एमपी,एमएलए और कई नेता भी इस मार्च में शामिल होने वाले हैं.

उत्तर मुंबई में बीजेपी निकालेगी मार्च

जानकारी के मुताबिक BJP उत्तर मुंबई में कल रविवार का निषेध मार्च निकालेगी. ये मार्च मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा को मिली धमकी के विरोध में निकाला जाएगा. बीजेपी के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन कल ( 23 नवंबर 2025) को दोपहर 2 बजे, मालवणी स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय से शुरू होगा.

BJP का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि और मंत्री को खुलेआम धमकी देना लोकतंत्र के लिए गंभीर और अस्वीकार्य है. पार्टी का कहना है कि इसी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेतृत्व बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होंगे.वहीं मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष बंदोबस्त किए जाने की संभावना है.