JEE Mains 2026 की परीक्षा नजदीक आते ही देशभर के लाखों छात्र अपने पसंदीदा इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन का सपना देख रहे हैं. हर छात्र चाहता है कि उसे ऐसा संस्थान मिले जहां पढ़ाई के साथ-साथ बेहतरीन प्लेसमेंट भी हो. अक्सर छात्र उत्तर प्रदेश, बिहार या राजस्थान के कॉलेजों पर ज्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन साउथ भारत का एक एनआईटी संस्थान प्लेसमेंट के मामले में इन सबसे आगे निकल रहा है. हम बात कर रहे हैं तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्थित एनआईटी त्रिची की, जो बीटेक के लिए देश के टॉप कॉलेजों में गिना जाता है.
कैसे मिलता है एडमिशन?
एनआईटी त्रिची में बीटेक में एडमिशन जेईई मेन के प्रदर्शन और उसके बाद होने वाली जोसा काउंसलिंग के माध्यम से दिया जाता है. इसके लिए उम्मीदवार का 12वीं कक्षा में फिजिक्स, रसायन विज्ञान और मैथ्स के साथ पास होना अनिवार्य है. जेईई मेन परीक्षा में अच्छी रैंक हासिल करना जरूरी होता है, क्योंकि उसी के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाती है. रैंक मिलने के बाद छात्रों को जोसा काउंसलिंग में रजिस्ट्रेशन करना होता है. हर ब्रांच का अलग कट-ऑफ होता है, जिसे पार करने पर सीट मिलती है और फिर डॉक्यूमेंट वैरीफिकेशन व फीस जमा करनी होती है.



