बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले 2 दशक से भी अधिक समय से सत्ता में बने हुए हैं, और पिछले महीने राज्य में हुए चुनाव में एक और जीत हासिल कर उन्होंने रिकॉर्ड 10वीं बार सीएम का पद संभाला. उनके लगातार सत्ता में बने रहने के पीछे राज्य की महिला वोटर्स का भरोसा मिलना बड़ी वजह माना जाता रहा है. उनकी अगुवाई में बिहार में महिलाओं के लिए कई साहसिक कदम उठाए गए और बड़े फैसले लिए गए. लेकिन सीएम कई बार महिलाओं के साथ कुछ ऐसी हरकत कर देते हैं जिससे उनकी छवि पर असर पड़ जाता है और विपक्ष हमलावर हो जाता है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने व्यवहार को लेकर एक बार फिर से चर्चा में हैं. ताजा मामला पटना का है, जहां मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर कल सोमवार को नवनियुक्त डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर रहे थे. इस दौरान एक महिला डॉक्टर को प्रमाण पत्र देते समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला के चेहरे से हिजाब हटा दिया. इस घटना से जुड़ा उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस दौरान एक हजार से अधिक डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे.



